मसूरी में मदरसा शिक्षा पर नई दिशा, शमून क़ासमी बोले, आधुनिक पढ़ाई से बदलेगा भविष्य

Blog
 Image


अल्पसंख्यक मोर्चा ने किया स्वागत, योजनाओं की दी जानकारी; कांग्रेस पर साधा निशाना

मसूरी। मसूरी में उत्तराखंड मदरसा शिक्षा परिषद के अध्यक्ष मुफ्ती शमून क़ासमी का अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष जगजीत कुकरेजा और सिकंदर ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
इस मौके पर क़ासमी ने अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य मुस्लिम समाज को शिक्षा और विकास के जरिए मुख्यधारा से जोड़ना है।
“मदरसा शिक्षा में होगा बड़ा बदलाव”
क़ासमी ने कहा कि उत्तराखंड में मदरसा शिक्षा को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब मदरसों को उत्तराखंड शिक्षा बोर्ड से जोड़ने की पहल की गई है, जिससे वहां पढ़ने वाले बच्चों को भी मान्यता प्राप्त शिक्षा और प्रमाण पत्र मिल सकेगा।उन्होंने कहा, “जब तक मदरसों में पढ़ने वाले गरीब बच्चों को आधुनिक शिक्षा नहीं मिलेगी, तब तक वे प्रतिस्पर्धा में पीछे रहेंगे। हमारा प्रयास है कि उन्हें समान अवसर मिलें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन का जिक्र करते हुए कहा कि “एक हाथ में कुरान और दूसरे में कंप्यूटर” होना आज के समय की जरूरत है।
मुख्यमंत्री धामी के फैसलों की सराहना
क़ासमी ने पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार ने मुस्लिम समाज के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि धार्मिक शिक्षा पर किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं है, बल्कि आधुनिक शिक्षा को जोड़कर बच्चों के भविष्य को मजबूत किया जा रहा है।
कांग्रेस पर तीखा हमला
पत्रकार वार्ता में क़ासमी ने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्षों तक मुस्लिम समाज को केवल “वोट बैंक” के रूप में इस्तेमाल किया और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए ठोस प्रयास नहीं किए।उन्होंने कहा कि भाजपा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र पर काम कर रही है और सभी समुदायों के लिए समान अवसर सुनिश्चित कर रही है।
2027 चुनाव को लेकर दावा
क़ासमी ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह केंद्र में मोदी सरकार और प्रदेश में धामी सरकार विकास कार्य कर रही है, उससे जनता का विश्वास भाजपा पर और मजबूत हुआ है। उन्होंने मुस्लिम समाज से अपील की कि वे योग्य उम्मीदवारों को समर्थन दें और विकास की मुख्यधारा से जुड़ें।
महिला आरक्षण और परिसीमन पर भी रखी बात
उन्होंने महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर भी कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि देशहित में ये कदम जरूरी हैं और इनका विरोध करना उचित नहीं है।