मसूरी में वेंडर जोन की तैयारी तेज, एसडीएम राहुल आनंद ने किया स्थलीय निरीक्षण

Blog
 Image


झील, कंपनी गार्डन व घंटाघर क्षेत्र चिन्हित, पटरी व्यापारियों को मिलेगी व्यवस्थित जगह

मसूरी। मसूरी में बढ़ते पर्यटन दबाव और पटरी व्यापारियों को व्यवस्थित करने के लिए प्रशासन ने वेंडर जोन बनाने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में एसडीएम राहुल आनंद ने नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मसूरी झील, कंपनी गार्डन, घंटाघर सहित अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को वेंडर जोन के लिए उपयुक्त माना गया। एसडीएम ने बताया कि जहां-जहां पर्यटकों की अधिक आवाजाही है, वहां वेंडर जोन विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। राहुल आनंद ने कहा कि निरीक्षण के आधार पर विस्तृत मैप तैयार किया जाएगा। इसके बाद संबंधित विभागों से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट ) लेकर वेंडर जोन बनाने की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि टाउन वेंडिंग कमेटी द्वारा चयनित सभी पटरी व्यापारियों को नियमानुसार वेंडर जोन में स्थान दिया जाए। इससे न केवल व्यापारियों को स्थायी जगह मिलेगी, बल्कि शहर की यातायात और सौंदर्य व्यवस्था भी बेहतर होगी। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से एक ओर जहां पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं दूसरी ओर स्थानीय व्यापारियों की आजीविका भी सुरक्षित होगी। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।