मसूरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा और महिला मोर्चा की ओर से किंक्रेग स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान को सम्मान देते हुए उन्हें शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया तथा आंगनवाड़ी के बच्चों को अल्पाहार और शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष जगजीत कुकरेजा ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र समाज के उन बच्चों के लिए महत्वपूर्ण आधार हैं, जहां उनके शिक्षा जीवन की प्रारंभिक नींव तैयार होती है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता छोटे बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा देने के साथ ही उनके पोषण और स्वास्थ्य का भी ध्यान रखती हैं। विशेषकर गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को पोषण उपलब्ध कराने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता भी घर-घर पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं की कड़ी को मजबूत करने का काम कर रही हैं। गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जानकारी रखने से लेकर छोटे बच्चों की देखभाल, गर्भवती महिलाओं को पोषाहार संबंधी जानकारी देने और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। कुकरेजा ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में इन कार्यकर्ताओं का योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करने के साथ जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान उनके कार्य के प्रति समाज की कृतज्ञता का प्रतीक है। भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष जसोदा शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए संचालित योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि ये कार्यकर्ता सरकारी योजनाओं और लाभार्थियों के बीच सेतु का काम करती हैं। कार्यक्रम के दौरान नौ आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही एक बच्चे का अन्नप्राशन कराया गया। आंगनवाड़ी केंद्र में आने वाले बच्चों को अल्पाहार के साथ शैक्षणिक सामग्री भी वितरित की गई। इस अवसर पर शक्तिकेंद्र संयोजक सीता पंवार, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष एवं सभासद विजय बिंदवाल, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष जसोदा शर्मा, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष जगजीत कुकरेजा, अल्पसंख्यक मोर्चा कोषाध्यक्ष जीनत अली समेत अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

