govt-ads

मसूरी के सुवाखोली में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने हरी झंडी दिखाकर कृषक रथ किया रवाना,

Blog
 Image


मसूरी। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकार की योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से सोमवार को सुवाखोली में सेवा संकल्प अभियान के तहत कृषक रथ रवाना किया गया। प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने हरी झंडी दिखाकर कृषक रथ को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को कृषि यंत्र, विभिन्न फसलों के उन्नत किस्म के बीज तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरित किए। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि कृषक रथ गांव-गांव जाकर किसानों को कृषि एवं बागवानी से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देगा। इसका उद्देश्य किसानों को केवल योजनाओं की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि उन्हें आधुनिक तकनीक और नई कृषि पद्धतियों से जोड़कर खेती को अधिक लाभकारी बनाना है। उन्होंने किसानों से केंद्र और राज्य सरकार की कृषि योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में देशभर में सेवा कार्य किए जा रहे हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत के अनुरूप सरकार का प्रयास है कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। इसी उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में शिविर लगाकर लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।
पारंपरिक खेती से आगे बढ़ने पर जोर
गणेश जोशी ने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में पॉलीहाउस के साथ मिलेट्स, ड्रैगन फ्रूट और कीवी जैसी फसलों को बढ़ावा दिया जा रहा है और किसानों को इसके लिए सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। एरोमा मिशन के तहत 91 हजार किसानों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे औषधीय एवं सुगंधित पौधों की खेती के माध्यम से किसानों की आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित किए जा सकें।उन्होंने कहा कि अब किसान केवल पारंपरिक खेती तक सीमित न रहें। फसल विविधीकरण, आधुनिक तकनीक, मूल्य संवर्धन और नई कृषि पद्धतियों को अपनाकर किसान अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। सरकार किसानों को उत्पादन लागत कम करने और उत्पादकता बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग दे रही है।
मिट्टी की जांच से लेकर जल संरक्षण तक की जानकारी
कृषि मंत्री ने बताया कि विभाग की ओर से किसानों को मृदा परीक्षण, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण, फसल विविधीकरण तथा कीट एवं रोग प्रबंधन की जानकारी दी जा रही है। बदलती जलवायु को देखते हुए किसानों को मौसम के अनुरूप कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का संकल्प है कि योजनाओं का लाभ कागजों तक सीमित न रहकर गांव, खेत और किसान तक पहुंचे। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, निदेशक कृषि दिनेश कुमार समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और किसान मौजूद रहे।