मसूरी। भट्टा गांव के पास चाय-रोटी रेस्टोरेंट के सामने देर षाम को रविवार को एक स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पैराफिट से जा टकराई। हादसे में स्कूटी सवार दो युवक घायल हो गए। इनमें एक युवक के पैर में गंभीर फ्रैक्चर होने के साथ ही चेहरे पर भी चोट आई है। उसे उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय मसूरी में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार स्कूटी संख्या यूके07एफएस 4060 भट्टा गांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान चाय-रोटी रेस्टोरेंट के सामने अचानक अनियंत्रित होकर पैराफिट से टकरा गई। हादसे में 20 वर्षीय सयान अंसारी पुत्र असलम अंसारी, निवासी क्लासिक फाल होटल के निकट, भट्टा गांव, मसूरी घायल हो गया। उसके पैर में फ्रैक्चर बताया गया है, जबकि चेहरे पर भी चोटें आई हैं। वहीं उसके साथ मौजूद 20 वर्षीय मोहम्मद सलमानी को भी हल्की चोटें आईं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सयान अंसारी को निजी वाहन से उप जिला चिकित्सालय मसूरी पहुंचाया गया। चिकित्सालय में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद राणा ने उसका परीक्षण किया। उन्होंने बताया कि युवक के एक पैर में गंभीर फ्रैक्चर है और चेहरे पर भी चोट आई है। मरीज को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है। चिकित्सक के अनुसार आगे की जांच के बाद उपचार की दिशा तय की जाएगी। वहीं दूसरे घायल मोहम्मद सलमानी को हल्की चोटें होने के कारण वह अपने घर चला गया। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस की ओर से हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

