पूर्व पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता और उनके साथियों पर हमला करने का आरोप, भाजपा ने दी एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी, मौके पर पुलिस को संभालनी पड़ी स्थिति
मसूरी जॉर्ज एवरेस्ट स्थित हाथीपांव में भूमि बचाओ, धामी हटाओ कार्यक्रम के तहत धरना देने जा रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के काफिले के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हंगामा हो गया। कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गणेश गोदियाल को काले झंडे दिखाकर अपना विरोध जताया। इसी दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। विवाद के दौरान मसूरी भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगा है।
प्रत्यक्ष रूप से सामने आए घटनाक्रम के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल को काले झंडे दिखाकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध जता रहे थे। इसी बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद बढ़ गया। भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया कि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता और उनके साथियों ने भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल पर अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि उनके कपड़े फाड़ दिए गए और लाठियों से भी वार किया गया। घटना के बाद मौके पर दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं में काफी देर तक धक्का-मुक्की और झड़प होती रही। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मसूरी पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। राजनीतिक रूप से संवेदनशील इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल देखने को मिला।
घटना को लेकर मसूरी भाजपा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के व्यवहार की कड़ी निंदा की। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता शहर में राजनीतिक गुंडागर्दी को बढ़ावा देकर मसूरी का शांतिपूर्ण माहौल खराब करना चाहते हैं। भाजपा की ओर से कहा गया कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखती है और विरोध जताना प्रत्येक राजनीतिक दल का अधिकार है। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को काले झंडे दिखाकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रहे थे, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे टकराव में बदल दिया। भाजपा ने सवाल उठाया कि यदि कांग्रेस लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की बात करती है तो उसे विरोध के स्वर भी लोकतांत्रिक तरीके से स्वीकार करने चाहिए।
भाजपा नेताओं ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव नजदीक आते देख कांग्रेस के पास अब जनता के बीच जाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं रह गया है, इसलिए वह इस तरह के विवादों को राजनीतिक मुद्दा बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में हुए कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को जनता भूली नहीं है और आने वाले चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।
भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल के साथ हुई कथित मारपीट को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है। भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि इस मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी भी व्यक्ति के साथ मारपीट और अभद्रता को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
व्ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि धरने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भीड को देखकर भाजपा बौखला गई और बेवजह के आरोप लगाए जा रहे है । उन्होने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ अभ्रदता कर अपशब्द कहे गए जिसके बाद दोनो पक्षों में विवाद खड़ा ।
एमयूएस 105 (मसूरी भाजपा कांग्रेस विवाद)

