विश्व पर्यावरण दिवस पर बच्चों ने लिया ‘ग्रीन मिशन’ का संकल्प, झड़ीपानी स्कूल में रोटरी क्लब ने लगाए 38 पौधे

Blog
 Image



मसूरी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मसूरी के झड़ीपानी स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश गूंजा। रोटरी क्लब मसूरी द्वारा ए ग्रीन स्टेप टुवर्ड्स एनवायरनमेंट परियोजना के तहत आयोजित पौधारोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में 38 पुष्पीय पौधों का रोपण एवं वितरण किया गया। बच्चों को पौधों की देखभाल, उनके महत्व और पर्यावरण संतुलन में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पौधारोपण के साथ ही विद्यार्थियों को यह संदेश भी दिया गया कि एक पौधा केवल पेड़ नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, शुद्ध वातावरण और सुरक्षित भविष्य की गारंटी है।रोटरी क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन दीपक अग्रवाल ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे केवल पौधे लगाएं ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखें। परियोजना अध्यक्ष रोटेरियन रजत अग्रवाल ने बताया कि क्लब की यह पहल पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की दिशा में एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बच्चों को पौधों की जिम्मेदारी लेने और प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर रोटेरियन विनेश संगल और रोटेरियन सुरेश अग्रवाल भी मौजूद रहे।