टैलेंट शो-2026 में छात्रों ने बिखेरा हुनर का रंग, नृत्य-संगीत से गूंजा सीजेएम हैम्पटन कोर्ट

Blog
 Image


पहाड़ों की रानी मसूरी स्थित सीजेएम हैम्पटन कोर्ट विद्यालय में शुक्रवार को आयोजित टैलेंट शो-2026 विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का शानदार उत्सव बन गया। पूरे दिन चले इस रंगारंग आयोजन में छात्रों ने मंचीय और गैर-मंचीय प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा अपनी बहुमुखी प्रतिभा से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना सभा, दीप प्रज्ज्वलन और अतिथियों एवं निर्णायकों के स्वागत के साथ हुआ। विद्यालय परिसर उत्साह, उमंग और रचनात्मक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। टैलेंट शो में लगभग 30 विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों को अपनी कला, अभिव्यक्ति और कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिला। कार्यक्रम की निर्णायक मंडली में डीआरडीओ के इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी मैनेजमेंट की डीन (एकेडमिक्स) अनीता पुरी मोहिन्द्रा, लेखिका एवं शोधकर्ता निधि बहुगुणा तथा उद्यमी एवं शिक्षा प्रेमी प्रीति गोयल शामिल रहीं। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर आइवी, समन्वयक रेखा सिंह एवं नंदिनी भी मौजूद रहीं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण बिखेरा। विद्यार्थियों ने बैंड परफॉर्मेंस, लोक एवं पश्चिमी नृत्य, हिंदी और पश्चिमी गायन, स्टैंड-अप कॉमेडी तथा विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा प्रदर्शन के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। वहीं गैर-मंचीय प्रतियोगिताओं में भी छात्रों ने अपनी कल्पनाशीलता, रचनात्मक सोच और नवाचार का परिचय दिया। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। निर्णायकों ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, अनुशासन और समर्पण की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर आइवी ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना भी उतना ही आवश्यक है। टैलेंट शो जैसे आयोजन छात्रों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और निखारने का अवसर देते हैं। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। टैलेंट शो-2026 विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के लिए यादगार अनुभव बन गया, जिसने प्रतिभा, सृजनात्मकता और आत्मविश्वास के नए आयाम स्थापित किए।