बूथ से बनेगी जीत की नींव, भाजपा ने 71 बूथों को मजबूत करने का बनाया रोडमैप

Blog
 Image


मसूरी। आगामी चुनावी चुनौतियों और संगठनात्मक मजबूती को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अब बूथ स्तर पर अपनी पकड़ और मजबूत करने की रणनीति तेज कर दी है। इसी क्रम में भाजपा मसूरी मंडल की मासिक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत मंथन हुआ। बैठक में मुख्य रूप से मसूरी मंडल के सभी 71 बूथों को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि प्रत्येक बूथ के अंतर्गत आने वाले मतदान केंद्रों पर सक्रिय बूथ समितियों का गठन सुनिश्चित किया जाए तथा पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति कर संगठन की पहुंच अंतिम मतदाता तक बनाई जाए। साथ ही प्रत्येक बूथ पर नियमित बैठकों के आयोजन का भी निर्णय लिया गया, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों में निरंतरता बनी रहे। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि भाजपा की ताकत उसका बूथ स्तर का मजबूत संगठन है और आगामी समय में इसी आधार को और सुदृढ़ कर पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। कार्यकर्ताओं को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने तथा लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए। कहा गया कि सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों के अनुभवों को जन-जन तक पहुंचाना भी संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। बैठक में भाजपा महिला मोर्चा की नवगठित समिति का परिचय भी कराया गया। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि महिला शक्ति भाजपा संगठन की महत्वपूर्ण ताकत है और उनके सहयोग से पार्टी का जनाधार और अधिक मजबूत होगा। बैठक में प्रदेश मंत्री नेहा जोशी ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बैठक के अंत में यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि भाजपा आने वाले समय में बूथ सशक्तिकरण, महिला सहभागिता और जनसंपर्क अभियानों को प्राथमिकता देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाएगी। कार्यकर्ताओं से गांव, वार्ड और मोहल्ला स्तर पर सक्रिय रहकर सरकार की योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने तथा नए लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया गया। बैठक में कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी लिया। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, मंडल महामंत्री नरेंद्र मेलवान, उपाध्यक्ष विजय बिंदवाल, उपाध्यक्ष गुड मोहन राणा, महिला मोर्चा कार्यकारिणी सदस्य रुक्मणी थापली, शक्ति केंद्र संयोजक सीता पंवार, कुलदीप जदवान, गुड्डी देवी, मदन मोहन शर्मा, किसान मोर्चा अध्यक्ष अमर देव भट्ट, महिला मोर्चा महामंत्री कमला थपलियाल, जीनत अंसारी, नीलोफर, सभासद गौरी थपलियाल, राकेश अग्रवाल, दिनेश बडोनी, दर्शनी सेमवाल, पुष्प दीप शर्मा, राखी पंवार, मुरारी पंवार, शिव अरोड़ा, देवेंद्र मलासी, बलवीर सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।