मसूरी। सही समय पर मिला मार्गदर्शन छात्राओं के भविष्य की दिशा बदल सकता है। अपनी रुचि और क्षमता को पहचानकर करियर का चुनाव करना और बदलते दौर की जरूरतों के अनुसार कौशल विकसित करना सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी है। इसी उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान के तहत मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज में करियर परामर्श संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज और सनातन धर्म इंटर कॉलेज की 110 से अधिक छात्राओं ने प्रतिभाग कर भविष्य के करियर विकल्पों और रोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त की। संगोष्ठी में सरकारी नौकरी, निजी क्षेत्र, तकनीकी शिक्षा, डिजिटल कौशल, स्टार्टअप और स्वरोजगार जैसे विकल्पों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में छात्राओं को बताया गया कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल शैक्षणिक योग्यता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि तकनीकी जानकारी, संवाद कौशल और व्यावहारिक प्रशिक्षण भी करियर में आगे बढ़ने के लिए महत्वपूर्ण हैं। छात्राओं को अपनी रुचि, क्षमता और रोजगार बाजार की जरूरतों को समझते हुए लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया गया। केंद्र और राज्य सरकार की कौशल विकास योजनाओं तथा अप्रेंटिसशिप के अवसरों की जानकारी भी दी गई। इसका उद्देश्य छात्राओं को पढ़ाई पूरी करने के बाद उपलब्ध विकल्पों के प्रति जागरूक करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। भाजपा कार्यकर्ता एवं कार्यक्रम संयोजक कमल शर्मा ने छात्राओं से संवाद करते हुए जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने पर जोर दिया। उन्होंने छात्राओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने, सही दिशा में मेहनत करने और भविष्य के लिए योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विशेष रूप से मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य प्रभा थपलियाल का धन्यवाद किया, जिन्होंने संगोष्ठी के आयोजन के लिए विद्यालय परिसर उपलब्ध कराया। उन्होंने नैसकॉम फाउंडेशन की टीम का भी आभार जताया, जिसने छात्राओं को करियर और कौशल विकास से जुड़ी उपयोगी जानकारी दी। कार्यक्रम में दोनों विद्यालयों की छात्राओं के साथ शिक्षकगण और नैसकॉम फाउंडेशन की टीम मौजूद रही।

