मसूरी। सड़क पर वाहन चलाते समय की गई छोटी सी लापरवाही किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। हेलमेट नहीं पहनना, सीट बेल्ट की अनदेखी करना, तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाना गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है। इसी को लेकर मसूरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा के सेवा संपर्क अभियान-2026 के तहत सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें हैम्पटन कोर्ट स्कूल के छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यशाला में मसूरी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह गहलावत ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सड़क पर थोड़ी सी असावधानी भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। ऐसे में वाहन चलाते समय हमेशा सतर्क रहना और यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है। कोतवाल ने विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और रेड लाइट जंप नहीं करने के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा का उद्देश्य केवल चालान से बचना नहीं, बल्कि खुद के साथ दूसरे लोगों की जिंदगी को भी सुरक्षित रखना है। नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं और असमय होने वाली मौतों को रोकने में मदद मिल सकती है। कार्यशाला में नशा मुक्ति पर भी विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि नशे की हालत में वाहन चलाने से चालक की निर्णय लेने और प्रतिक्रिया देने की क्षमता प्रभावित होती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। युवाओं को नशे से दूर रहने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आम जनता और छात्र-छात्राओं के बीच सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी से सड़क सुरक्षा का संदेश अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। इसी उद्देश्य से युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को भी अभियान से जोड़ा जा रहा है, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।कार्यशाला में भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ,सभासद विजय बिंदवाल, आशीष जोशी, युवा मोर्चा अध्यक्ष सचिन पंवार, रितिक बिजल्वाण सहित भाजपा के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

