पहाड़ों की रानी मसूरी स्थित प्रतिष्ठित ओक ग्रोव स्कूल में सोमवार को 139वां स्थापना दिवस उत्साह, गौरव और रंगारंग कार्यक्रमों के बीच धूमधाम से मनाया गया। 1887 में स्थापित इस ऐतिहासिक शिक्षण संस्थान के स्थापना दिवस समारोह में शिक्षा, खेल, विज्ञान, कला और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक एवं ओक ग्रोव स्कूल बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष राजेश कुमार पांडेय रहे। उन्होंने विद्यालय के मेजर ग्रीश चंद्र वर्मा (वीर चक्र) वैली मैदान में ध्वजारोहण कर समारोह का शुभारंभ किया तथा विद्यार्थियों की आकर्षक मार्च पास्ट परेड की सलामी ली। विद्यालय परिसर देशभक्ति, अनुशासन और उत्साह के माहौल से सराबोर नजर आया। स्थापना दिवस समारोह में विद्यालय के तीनों विंग के छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विज्ञान, गणित एवं कला प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए अभिनव मॉडल और प्रोजेक्ट आकर्षण का केंद्र रहे।विशेष रूप से आर्टिफिशियल स्नो फॉल और केमिकल सनसेट मॉडल ने मुख्य अतिथि सहित उपस्थित गणमान्य लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच और नवाचार क्षमता की मुख्य अतिथि ने जमकर सराहना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश कुमार ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक, खेल एवं सह-पाठयक्रम गतिविधियों में हासिल उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा दिया। उन्होंने बताया कि ओक ग्रोव स्कूल लगातार शिक्षा और व्यक्तित्व विकास के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रहा है। इस अवसर पर सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र और पदक देकर सम्मानित किया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि राजेश कुमार पांडेय ने विद्यालय परिसर में नवनिर्मित अत्याधुनिक बास्केटबॉल कोर्ट का उद्घाटन किया। उन्होंने विज्ञान और कला प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि ओक ग्रोव स्कूल केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए भी लगातार कार्य कर रहा है। विद्यालय में विकसित हो रही खेल और शैक्षणिक सुविधाएं छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं। विद्यालय की सबसे प्रतिष्ठित ट्रॉफी श्अंगिका कपश् इस वर्ष क्रमशः शिवाजी हाउस, अशोक हाउस और सरोजिनी हाउस को प्रदान की गई। ट्रॉफी मिलने पर छात्रों और शिक्षकों में उत्साह का माहौल रहा। प्रधानाचार्य नरेश कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, चरित्र और नैतिक मूल्यों के विकास में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने विद्यालय परिवार के सभी शिक्षकों और कर्मचारियों के समर्पण तथा अथक परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत ही विद्यालय की सफलता का आधार है। समारोह में एनआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ की अध्यक्ष अनिता पांडे, पीसीपीओ उत्तर रेलवे सुजीत कुमार मिश्रा, एसडीजीएम उत्तर रेलवे अरविंद नौटियाल, डीआरएम मुरादाबाद मंडल विनीता श्रीवास्तव, एसीएमएस डॉ. लीना रॉय, कर्नल सनी बख्शी, पूर्व ओक ग्रोवियन सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

