मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को उप जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं का फीडबैक भी लिया। मरीजों से बातचीत करते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार प्रत्येक नागरिक को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
निरीक्षण के दौरान ओएनजीसी (सीएसआर), देहरादून के वित्तीय सहयोग एवं सरस्वती जनकल्याण एवं स्वरोजगार संस्थान, देहरादून के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में अस्पताल को मेडिकल उपकरण एवं मेडिकल किट उपलब्ध कराई गईं। मंत्री ने इन उपकरणों का शुभारंभ करते हुए कहा कि कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में इस प्रकार के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
अस्पताल में प्रतिदिन पहुंचते हैं 250 से 300 मरीज
कार्यक्रम में अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. खजान सिंह चौहान ने अस्पताल की कार्यप्रणाली की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि उप जिला चिकित्सालय मसूरी में प्रतिदिन लगभग 250 से 300 मरीजों का उपचार किया जाता है। अस्पताल में अधिकांश चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हैं, जिसके कारण केवल 0.3 प्रतिशत मरीजों को ही रेफर करना पड़ता है और वे भी गंभीर अथवा आपातकालीन स्थिति वाले मामले होते हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में विभिन्न जांच सुविधाओं के साथ-साथ आम मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। हालांकि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों और कुछ पैरामेडिकल स्टाफ की कमी बनी हुई है, जिसे शीघ्र पूरा किए जाने की आवश्यकता है।
डायलिसिस और आईसीयू की सुविधा जल्द होगी शुरू
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मसूरी में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनकी स्वास्थ्य मंत्री से विस्तृत चर्चा हो चुकी है और पहले चरण में मसूरी में डायलिसिस यूनिट शुरू करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। इसके साथ ही भविष्य में आईसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) की सुविधा भी उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे गंभीर मरीजों को देहरादून रेफर करने की आवश्यकता कम होगी।
पोस्टमार्टम हाउस के लिए भूमि की तलाश
मंत्री ने बताया कि मसूरी में लंबे समय से पोस्टमार्टम हाउस की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इसके लिए उपयुक्त भूमि की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि जैसे ही अस्पताल प्रशासन की ओर से भूमि उपलब्ध कराई जाएगी, पोस्टमार्टम हाउस के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
स्वास्थ्य सुविधाओं पर उठ रहे सवालों का दिया जवाब
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर समय-समय पर उठने वाले सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए गणेश जोशी ने कहा कि कुछ लोग बिना तथ्य जाने अनावश्यक आरोप लगाते हैं, जबकि यदि जमीनी स्तर पर देखा जाए तो मसूरी में लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है और इसी दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
पैरामेडिकल स्टाफ की कमी जल्द होगी दूर
मंत्री ने स्वीकार किया कि अस्पताल में कुछ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी है, लेकिन सरकार इस दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है और जल्द ही रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
मानसून और कृषि को लेकर सरकार सतर्क
पत्रकारों से बातचीत में गणेश जोशी ने आगामी वर्षा ऋतु और कृषि तैयारियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग पूरी तरह तैयार है ताकि किसानों को समय पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें और प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।
2027 चुनाव पर भी बोले गणेश जोशी
राजनीतिक सवालों के जवाब में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक चुनाव समाप्त होते ही अगले चुनाव की तैयारी शुरू कर देती है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा बेहतर प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। टिकट वितरण को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति को चुनाव लड़ने का अधिकार है। पार्टी किसे उम्मीदवार बनाएगी, इसका निर्णय संगठन करेगा। उन्होंने कहा, ष्मैं एक जनसेवक हूं और जनता की सेवा करना ही मेरी प्राथमिकता है।

