मसूरी माल रोड पर पर्यटक का हंगामा, मारपीट से मची अफरा-तफरी

Blog
 Image


पर्यटन नगरी मसूरी में रविवार देर रात माल रोड स्थित बाटा शोरूम के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ लोगों और पर्यटकों के बीच कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। सार्वजनिक स्थान पर हुए इस विवाद से वहां मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया तथा कुछ देर के लिए कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया। मसूरी कोतवाल देवेन्द्र चौहान ने बताया कि कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि बाटा शोरूम के पास कुछ व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर अभद्र व्यवहार करते हुए लड़ाई-झगड़ा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना मसूरी से चीता मोबाइल और रात्रि अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि कुछ लोग आपस में मारपीट और विवाद कर रहे थे। घटना के कारण आसपास बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पर्यटन सीजन के बीच माल रोड जैसे अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में हुई इस घटना से कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को शांत कराया।उपद्रव करने वालों में शामिल नीरज राघव (36 वर्ष) पुत्र रामनाथ सिंह, निवासी बड़ा गांव सिकंदरपुर, तहसील मानेसर, सेक्टर-86, गुरुग्राम (हरियाणा) को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार व्यक्ति का नियमानुसार चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद लोक व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के उद्देश्य से उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत गुकदता दर्ज किया गया। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को संबंधित कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी के वाहन की जांच के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन पाए जाने पर उसकी कार का भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया। मसूरी में इन दिनों पर्यटन सीजन के चलते बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, मारपीट और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। मसूरी केातवाल ने बताया  कि माल रोड, गांधी चौक, लाइब्रेरी चौक और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार गश्त बढ़ाई गई है तथा शांति भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होने पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर संयमित व्यवहार करें, कानून का पालन करें तथा किसी भी प्रकार के विवाद या अप्रिय घटना की सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर शांति व्यवस्था बनाए रखी जा सके।