पर्यटन नगरी मसूरी में सोमवार को विश्व बंधुत्व दिवस (यूनिवर्सल ब्रदरहुड डे) के अवसर पर मासोनिक फ्रेटरनिटी (फ्रीमेसन) ने जनकल्याण और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए वॉकाथन (सामूहिक पैदल मार्च) का आयोजन किया। हाथों में भाईचारे, शांति और मानवता का संदेश लिखी तख्तियां लेकर फ्रीमेसन और उनके परिवार झूलाघर से माल रोड होते हुए पिक्चर पैलेस और वहां से लॉज डलहौजी नंबर-10 स्थित फ्रीमेसन हॉल तक पैदल मार्च में शामिल हुए। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने आपसी सद्भाव, विश्व शांति और भाईचारे के समर्थन में नारे लगाए। मासोनिक फ्रेटरनिटी द्वारा विश्व बंधुत्व दिवस के उपलक्ष्य में इस वर्ष कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित किए गए। पहले चरण में 24 जून को एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जिसमें मसूरी और आसपास के क्षेत्रों के 112 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया। संस्था कई वर्षों से इस अवसर पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती आ रही है। सेामवार को आयोजित दूसरे चरण में वॉकाथन के माध्यम से समाज में प्रेम, सहयोग और मानवता का संदेश देने का प्रयास किया गया। माल रोड से गुजर रहे पर्यटक और स्थानीय लोग भी इस अनूठे आयोजन को देखकर उत्सुक नजर आए। कई लोगों ने प्रतिभागियों के संदेशों की सराहना की। संस्था के अध्यक्ष एवं वरशिपफुल मास्टर शैलेंद्र करनवाल ने बताया कि विश्व भर के फ्रीमेसन प्रत्येक वर्ष 24 जून को यूनिवर्सल ब्रदरहुड डे मनाते हैं। भारत सहित विभिन्न देशों के मासोनिक केंद्रों में इस दिन सामाजिक और जनहित के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसका उद्देश्य समाज में जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर भाईचारा, सेवा और मानवता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि फ्रीमेसन समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और मानवीय मूल्यों के संरक्षण के लिए लगातार कार्य करता रहा है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जनहित कार्यक्रम जारी रहेंगे। वॉकाथन में ब्रदर प्रमोद साहनी, ब्रदर मनचंदा, ब्रदर हरजीव दुग्गल, ब्रदर अमित वैष, ब्रदर मनमोहन करनवाल, ब्रदर विनेश संगल सहित बड़ी संख्या में फ्रीमेसन और उनके परिवारों ने भाग लिया।

