govt-ads

2027 में भाजपा के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे दिनेश अग्रवाल, बोले- टिकट की लाइन में नहीं खड़ा हूं

Blog
 Image


उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच मसूरी में पूर्व कैबिनेट मंत्री और भाजपा नेता दिनेश अग्रवाल ने चुनाव में अपनी भूमिका को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में वह पूरी तरह सक्रिय रहेंगे और पार्टी के लिए शिद्दत से काम करेंगे, लेकिन उनकी भूमिका क्या होगी, इसका फैसला भाजपा का शीर्ष नेतृत्व करेगा। टिकट की दावेदारी को लेकर पूछे गए सवाल पर दिनेश अग्रवाल ने साफ कहा कि अब वह टिकट के आवेदक नहीं हैं और न ही टिकट की लाइन में खड़े नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि वह टिकट के लिए आवेदन नहीं करेंगे। पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी, उसका पूरी निष्ठा और पूरी ताकत से निर्वहन करेंगे। अग्रवाल ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर उत्तराखंड में हैट्रिक लगाने जा रही है। उनके इस बयान को चुनाव से पहले भाजपा के भीतर उनकी सक्रिय भूमिका के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। वर्ष 2024 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए दिनेश अग्रवाल इससे पहले लंबे समय तक कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। पूर्व मंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की मजबूत भूमिका बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि राजनीति में विपक्ष का होना आवश्यक है, लेकिन उत्तराखंड में विपक्ष वास्तव में है भी या नहीं, यह अपने आप में बड़ा सवाल है। उनके इस बयान को कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर सीधे राजनीतिक प्रहार के रूप में देखा जा रहा है। दिनेश अग्रवाल के बयान से यह भी स्पष्ट है कि वह 2027 के चुनाव में खुद की व्यक्तिगत दावेदारी से अधिक पार्टी के निर्णय और संगठन की जिम्मेदारी को प्राथमिकता देने के मूड में हैं। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व चुनावी तैयारियों में उन्हें किस भूमिका में आगे करता है।