राधा-कृष्ण के भजनों पर बच्चों ने दी मनमोहक नृत्य प्रस्तुति, आध्यात्मिक संदेश से गूंजा परिसर
मसूरी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर मसूरी स्थित ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय में भव्य सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लक्ष्मी-नारायण की आकर्षक झांकी और राधा-कृष्ण के भजनों पर बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज शैली ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए ब्रह्माकुमारीज संस्था की ओर से अध्यात्म और भारतीय संस्कृति को जोड़ने के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में प्रोमिला नेगी और अंशी रावत ने लक्ष्मी-नारायण की भूमिका निभाकर आकर्षक झांकी प्रस्तुत की। वहीं, नन्हे बच्चों ने राधा-कृष्ण के भजनों पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं। प्रोमिला नेगी की विशेष नृत्य प्रस्तुति को भी दर्शकों ने सराहा।
इस अवसर पर बीके वर्षा दीदी और बीके किरण रस्तोगी ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, सत्य, कर्म और सकारात्मकता की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को जीवन में अपनाकर समाज में शांति और सद्भाव कायम किया जा सकता है।
कार्यक्रम में राजेश्वरी नेगी, मीना जोशी, सविता, अनीता पुंडीर, रेखा रावत, उर्मिला पंवार, बाला रावत, रेखा बिष्ट, बीना मल्ला, सभासद बबीता मल्ल सहित ब्रह्माकुमारीज परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

