एसोसिएशन ने 800 लोगों की रोजी-रोटी का हवाला देकर दो दिन में कार्रवाई नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी, दूसरे पक्ष ने कहा- सीसीटीवी फुटेज से हो निष्पक्ष जांच
पर्यटन नगरी मसूरी में टैक्सी संचालन को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। टैक्सी-कार ओनर्स एसोसिएशन के कार्यालय में कथित तोड़फोड़ और लूटपाट का मामला गुरुवार को मसूरी कोतवाली पहुंच गया, जहां दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। कोतवाली में दोनों पक्षों के बीच जमकर आरोप-प्रत्यारोप हुए और हंगामे की स्थिति बन गई। पुलिस को बीच में आकर दोनों पक्षों को शांत कराना पड़ा। एक ओर एसोसिएशन ने कार्यालय में तोड़फोड़ और नकदी चोरी के आरोप लगाते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की, वहीं दूसरे पक्ष ने आरोपों को खारिज करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। मामले में दोनों पक्षों की तहरीर मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
दो दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो हड़ताल की चेतावनी
मसूरी टैक्सी-कार ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विजेन्द्र पवार और पदाधिकारियों ने कहा कि एसोसिएशन अपने नियमों के अनुसार संचालित होती है, लेकिन कुछ सदस्य नियमों के विपरीत जाकर सवारियां उठाने का काम कर रहे हैं। इससे संगठन की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन से करीब 800 लोगों की रोजी-रोटी जुड़ी हुई है। ऐसे में यदि कुछ लोग नियमों को दरकिनार कर केवल अपने हितों को प्राथमिकता देंगे तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कार्यालय में तोड़फोड़ की गई, महत्वपूर्ण रजिस्टर फाड़े गए, सीसीटीवी कैमरे तोड़े गए और नकदी चोरी की गई। उन्होंने पुलिस से मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो एसोसिएशन अनिश्चितकालीन हड़ताल करेगी और मसूरी में चक्का जाम किया जाएगा।
दूसरे पक्ष का आरोप- अभद्रता और मारपीट की गई
वहीं, दूसरे पक्ष के विपिन भंडारी ने एसोसिएशन के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह सवारी ले जाने को लेकर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ उनका विवाद हुआ था। उनका आरोप है कि इस दौरान एसोसिएशन के कुछ लोगों ने उनके साथ अभद्रता और मारपीट की। विपिन भंडारी ने कहा कि न तो उन्होंने और न ही उनके किसी सहयोगी ने एसोसिएशन कार्यालय में तोड़फोड़ या लूटपाट की है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें फंसाने के लिए ऐसा किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर निष्पक्ष जांच करने की मांग की। उनका कहना है कि यदि किसी ने कार्यालय में तोड़फोड़ या लूटपाट की है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
टैक्सी संचालन के अधिकार को लेकर भी आमने-सामने
विपिन भंडारी ने कहा कि अपनी टैक्सी से सवारी ले जाना उनका मौलिक अधिकार है और एसोसिएशन उन पर अनुचित दबाव बना रही है। वहीं, एसोसिएशन पदाधिकारियों का कहना है कि संगठन के नियमों का पालन जरूरी है और नियमों के विपरीत सवारियां उठाने से दूसरे टैक्सी संचालकों की आजीविका प्रभावित होती है। दोनों पक्षों के इन परस्पर विरोधी दावों के बीच अब पुलिस जांच से ही विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
कोतवाल बोले- दोनों पक्षों की तहरीर मिली, जांच जारी
मसूरी कोतवाल नरेंद्र सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने दिए निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश
एसडीएम मसूरी राहुल आनंद ने बताया कि उन्होंने पुलिस को मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी पक्ष को अनुचित संरक्षण नहीं दिया जाना चाहिए और जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए। मसूरी जैसे शांतिप्रिय पर्यटन क्षेत्र का माहौल किसी भी स्थिति में खराब नहीं होने दिया जाएगा।
टैक्सी संचालन को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब पुलिस जांच के साथ-साथ शहर की यातायात व्यवस्था और कारोबारियों की आजीविका से भी जुड़ गया है। एक पक्ष ने दो दिन में कार्रवाई नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है, जबकि दूसरा पक्ष सीसीटीवी फुटेज के आधार पर निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है। ऐसे में पुलिस की कार्रवाई और जांच के निष्कर्ष पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

