कांग्रेस नेत्री सोनिया आनंद रावत ने भाजपा सरकार पर बोला हमला, बेरोजगारी और माफिया को लेकर साधा निशाना
मसूरी। कांग्रेस नेत्री डॉ. सोनिया आनंद रावत ने प्रदेश की भाजपा सरकार और मसूरी विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है और राज्य शराब, खनन तथा भू-माफिया के प्रभाव में जा रहा है। उन्होंने कहा कि मसूरी में भी रोजगार के अवसरों की कमी और रेहड़ी-पटरी वालों की समस्याओं को लेकर सरकार गंभीर नहीं है।
डॉ. रावत ने कहा कि मसूरी में बड़ी संख्या में लोग रोजगार के लिए छोटे कारोबार और रेहड़ी-पटरी पर निर्भर हैं, लेकिन कई लोगों को अपने रोजगार से वंचित होना पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘रेहड़ी-पटरी वालों को बेघर कर दिया गया, लेकिन उनकी समस्याओं की चर्चा करने वाला कोई नहीं है।’ उन्होंने कहा कि पर्यटन नगरी में स्थानीय लोगों के हितों और रोजगार के मुद्दों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
‘21 हजार से जीत नहीं, हार की बात होगी’
कांग्रेस नेत्री ने गणेश जोशी के आगामी चुनाव में 21 हजार मतों से जीतने के दावे पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यह उनका भ्रम है और इस बार परिणाम इसके ठीक उलट होंगे। ‘गणेश जोशी 21 हजार मतों से जीतने की बात कर रहे हैं, जबकि इस बार उन्हें 21 हजार मतों से हार का सामना करना पड़ेगा।’
उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से गणेश जोशी को दोबारा मसूरी से टिकट दिए जाने की चर्चा कांग्रेस के लिए कोई चिंता का विषय नहीं है। कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और पार्टी प्रत्याशी को जिताने के लिए एकजुट होकर काम करेगी।
‘कांग्रेस में नहीं कोई अंतर्कलह’
डॉ. रावत ने कांग्रेस में टिकट को लेकर चल रही संभावित खींचतान के सवाल पर कहा कि पार्टी में किसी प्रकार की अंतर्कलह नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व जिसे भी प्रत्याशी घोषित करेगा, कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता और नेता उसके लिए पूरी ताकत से काम करेंगे।
उन्होंने दावा किया कि मसूरी की जनता अब भाजपा सरकार और विधायक के कार्यों को अच्छी तरह पहचान चुकी है। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में बदलाव तय है और गणेश जोशी की मसूरी से विदाई निश्चित है।

