मसूरी मोतीलाल नेहरू मार्ग पर अवैध पार्किंग पर लगेगा ब्रेक,

Blog
 Image


मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में लंबे समय से सिरदर्द बनी अवैध पार्किंग की समस्या के समाधान की दिशा में प्रशासन और लोक निर्माण विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। मसूरी के व्यस्ततम मोतीलाल नेहरू मार्ग पर सड़क किनारे अनाधिकृत रूप से खड़े किए जाने वाले वाहनों पर रोक लगाने के लिए सड़क के बीचों-बीच डिवाइडर लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। डिवाइडर लगने के साथ ही स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और इस पहल का स्वागत किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मोतीलाल नेहरू मार्ग पिछले कई वर्षों से अवैध पार्किंग की समस्या से जूझ रहा था। विशेष रूप से टैक्सी और अन्य व्यावसायिक वाहनों के सड़क किनारे खड़े होने से मार्ग कई बार संकरा हो जाता था, जिससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती थी। पर्यटक सीजन के दौरान यह समस्या और अधिक गंभीर हो जाती थी।स्थानीय नागरिकों के अनुसार सड़क के किनारे बड़ी संख्या में वाहन घंटों तक खड़े रहते थे। इससे न केवल यातायात प्रभावित होता था, बल्कि पैदल चलने वाले लोगों और स्कूली बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता था। लोगों का कहना है कि कई बार प्रशासन द्वारा कार्रवाई किए जाने के बावजूद स्थिति में स्थायी सुधार नहीं हो पा रहा था। ऐसे में सड़क के मध्य डिवाइडर लगाने का निर्णय एक प्रभावी और दीर्घकालिक समाधान के रूप में देखा जा रहा है। लोक निर्माण विभाग द्वारा लगाए जा रहे डिवाइडर का मुख्य उद्देश्य सड़क किनारे होने वाली अवैध पार्किंग को रोकना और यातायात को व्यवस्थित करना है। माना जा रहा है कि डिवाइडर लगने के बाद वाहन चालकों के लिए सड़क पर अनियमित रूप से वाहन खड़ा करना आसान नहीं होगा, जिससे यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा। स्थानीय व्यापारियों और निवासियों का कहना है कि इससे रोजाना लगने वाले जाम में कमी आएगी और लोगों का समय भी बचेगा। सूत्रों के अनुसार यह कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। योजना के तहत लाइब्रेरी चौक से मसूरी मॉडर्न स्कूल तक सड़क के मध्य डिवाइडर लगाए जाने की संभावना है। यदि यह योजना पूरी तरह लागू हो जाती है तो इस पूरे मार्ग पर अवैध पार्किंग की समस्या काफी हद तक समाप्त हो सकती है। डिवाइडर लगाए जाने के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के इस कदम की सराहना की है। उनका कहना है कि लंबे समय बाद यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए कोई ठोस कदम उठाया गया है। लोगों का मानना है कि यदि इसके साथ-साथ यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए और अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई जारी रहे, तो मसूरी की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिल सकता है।