मसूरी। संस्कृत दिवस सप्ताह के तहत मसूरी में विद्यार्थियों ने संस्कृत भाषा को नई पीढ़ी से जोड़ने का संदेश देते हुए जागरूकता रैली निकाली। आर्य समाज मंदिर के विद्यार्थियों की रैली का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने किया। लैंडौर से शुरू हुई रैली सनातन धर्म मंदिर होते हुए लाइब्रेरी चौक पहुंची। रैली में विद्यार्थी हाथों में संस्कृत सूक्तियों, श्लोकों और प्रेरणादायी संदेशों वाली तख्तियां लेकर चल रहे थे। इस दौरान संस्कृत के प्रचार-प्रसार और संरक्षण को लेकर नारे भी लगाए गए। रैली को देखने वाले स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने विद्यार्थियों के प्रयास की सराहना की। संस्कृत महाविद्यालय की प्राचार्य मीनाक्षी चौहान ने कहा कि संस्कृत को केवल धार्मिक या प्राचीन भाषा मानकर सीमित नहीं किया जाना चाहिए। यह भारतीय संस्कृति, दर्शन, साहित्य, संस्कार और प्राचीन ज्ञान-विज्ञान की महत्वपूर्ण आधार भाषा है। नई पीढ़ी को संस्कृत से रूबरू कराकर उन्हें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने की जरूरत है। इसके लिए विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों को संस्कृत के प्रति विद्यार्थियों में रुचि पैदा करने के लिए निरंतर प्रयास करने चाहिए। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि संस्कृत केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध संस्कृति, संस्कार और ज्ञान परंपरा की पहचान है। संस्कृत के संरक्षण और संवर्धन के साथ इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आज के बच्चों और युवाओं को यदि संस्कृत के साहित्य और ज्ञान परंपरा से जोड़ा जाए तो वे अपनी जड़ों और भारतीय संस्कृति को और बेहतर तरीके से समझ सकेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम संस्कृत को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। संस्कृत को केवल किताबों तक सीमित रखने के बजाय व्यवहार और शिक्षा के माध्यम से युवाओं तक पहुंचाने की जरूरत है। आयोजकों ने बताया कि संस्कृत दिवस सप्ताह के तहत आयोजित रैली का उद्देश्य लोगों को संस्कृत के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ विद्यार्थियों में अपनी भाषा और सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना भी है। इस अवसर पर विद्यालय विद्यालय-प्रबंधक- वैभव तायल,सदस्य-सन्दीप गोयल प्रभारी प्रधानाचार्य दीपाली अग्रवाल , रेखा मित्तल ,शिवम अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, सार्थक अग्रवाल, ऐश्वर्या, रमेश डिमरी श्रीमती निशा, उषा पंव, प्रवीन बंधानी,महेश तिवारी , कैलाश चन्द्र सती,रीतिका, गौरव उनियाल समस्त कर्मचारी व सभी छात्र उपस्थित रहे।

