मसूरी मोतीलाल नेहरू मार्ग पर डिवाइडर लगाने का टैक्सी कार ऑनर्स एसोसिएशन ने किया स्वागत

Blog
 Image


मसूरी। मोतीलाल नेहरू मार्ग पर सड़क किनारे होने वाली अवैध पार्किंग रोकने के लिए सड़क के बीचों-बीच डिवाइडर लगाए जाने के फैसले का मसूरी टैक्सी कार ऑनर्स एसोसिएशन ने स्वागत किया है। एसोसिएशन का कहना है कि इस पहल से वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी। एसोसिएशन के महामंत्री राकेश कोटाल ने स्थानीय प्रशासन, नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग और मसूरी पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मोतीलाल नेहरू मार्ग पर अवैध रूप से सड़क किनारे खड़ी होने वाली तथाकथित डग्गामार टैक्सियों के कारण रोजाना जाम की स्थिति बनती थी। सड़क के बीच डिवाइडर लगाए जाने से अब इस समस्या पर प्रभावी रोक लगेगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से एसोसिएशन इस समस्या को प्रशासन के समक्ष उठाता रहा है। पर्यटक सीजन में सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित होता था और इसका खामियाजा नियमित टैक्सी संचालकों को भी उठाना पड़ता था।
राकेश कोटाल ने कहा कि केवल मोतीलाल नेहरू मार्ग ही नहीं, बल्कि नगर पालिका रोड पर भी बड़ी संख्या में अवैध रूप से टैक्सियां सड़क किनारे खड़ी की जाती हैं। इससे वहां भी दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है और आम लोगों के साथ पर्यटकों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जिन सड़कों की चौड़ाई पर्याप्त है, वहां भी डिवाइडर लगाए जाएं, ताकि सड़क किनारे होने वाली अवैध पार्किंग पर स्थायी रूप से रोक लगाई जा सके।
एसोसिएशन का कहना है कि अवैध रूप से संचालित टैक्सियों के कारण अक्सर सभी टैक्सी संचालकों की छवि खराब होती है। विभिन्न बैठकों और शिकायतों में पूरे टैक्सी व्यवसाय को कटघरे में खड़ा किया जाता है, जबकि अधिकांश अधिकृत टैक्सी संचालक नियमों का पालन करते हैं। महामंत्री ने कहा कि प्रशासन को अधिकृत और अवैध टैक्सी संचालन के बीच स्पष्ट अंतर करते हुए डग्गामार वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाना चाहिए।
स्थानीय लोगों का भी मानना है कि यदि शहर के प्रमुख मार्गों पर अवैध पार्किंग पर प्रभावी नियंत्रण किया गया तो मसूरी में जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। पर्यटन सीजन के दौरान यह व्यवस्था पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों दोनों के लिए राहत लेकर आएगी। एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि प्रशासन भविष्य में भी इसी तरह के ठोस कदम उठाकर मसूरी की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाएगा।