मसूरी, 27 अप्रैल (नवोदय टाइम्स)
देव भूमि जन कल्याण विकास एकता समिति के बैनर तले शहर में स्वास्थ्य सेवाओं की खराब स्थिति को लेकर आवाज बुलंद की गई। समिति के शहर अध्यक्ष तनमीत सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल को उपजिलाधिकारी मसूरी के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर तत्काल सुधार की मांग की।
ज्ञापन में उप जिला चिकित्सालय की बदहाल स्थिति का विस्तार से उल्लेख किया गया। समिति ने आरोप लगाया कि अस्पताल में चिकित्सकों और कर्मचारियों की भारी कमी है, जिससे मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा। इसके साथ ही आधुनिक चिकित्सा उपकरणों का अभाव, जरूरी दवाइयों की कमी, साफ-सफाई की खराब व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की कमजोर स्थिति को भी गंभीर समस्या बताया गया। समिति का कहना है कि मसूरी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर हर साल हजारों पर्यटक पहुंचते हैं, ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं का मजबूत होना बेहद जरूरी है। वर्तमान हालात न केवल स्थानीय निवासियों बल्कि पर्यटकों के लिए भी परेशानी का कारण बन रहे हैं। ज्ञापन के माध्यम से समिति ने मांग की कि अस्पताल में डॉक्टरों और स्टाफ की तैनाती बढ़ाई जाए, आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जाएं और स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान समिति के केन्द्रीय अध्यक्ष प्रकाश राणा, उपाध्यक्ष गौरव गुप्ता, महासचिव गोविन्द प्रसाद नौटियाल, सहसचिव विजय जुगरान, कोषाध्यक्ष सलीम अहमद सहित विजय लक्ष्मी कोली, नफीस बानो, इमरान, राजेश, जितेंद्र और साजिद समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

