मेधावी छात्रों का सम्मान, मसूरी सेंट जॉर्ज कॉलेज में वार्षिक पुरस्कार समारोह भव्यता के साथ संपन्न

Blog
 Image


सेंट जॉर्ज कॉलेज मसूरी के सभागार में सोमवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय राजस्व सेवा (इनकम टैक्स) के अधिकारी आशीष त्रिपाठी रहे। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद मुख्य अतिथि को पौधा एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय के क्वायर द्वारा प्रस्तुत मधुर गीत ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिए।इसके बाद विभिन्न कक्षाओं के मेधावी छात्रों को शैक्षणिक उत्कृष्टता, सहगामी गतिविधियों और ऑल राउंडर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। कक्षा 4 से 11 तक के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार हासिल किए। कक्षा 4 में शिवण्या प्रथम, अरनव राणा द्वितीय और शनय अग्रवाल तृतीय रहे, जबकि अरनव राणा को सहगामी गतिविधियों में श्रेष्ठ एवं ऑल राउंडर घोषित किया गया। कक्षा 5 में शौर्य ग्रोवर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और ऑल राउंडर का खिताब भी अपने नाम किया। इसी तरह कक्षा 6, 7, 8, 9 और 10 की विभिन्न शाखाओं में छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार प्राप्त किए। कक्षा 11 विज्ञान वर्ग में अध्ययन तपारिया और वाणिज्य वर्ग में सिद्धांत शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कार्यक्रम के दौरान सहगामी गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिससे छात्रों में बहुआयामी विकास के प्रति प्रेरणा दिखाई दी। मुख्य अतिथि आशीष त्रिपाठी ने कहा कि छात्र देश की ऊर्जा और भविष्य के कर्णधार हैं। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी तकनीकी रूप से सक्षम है, जो देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों को समय के महत्व को समझने और उसका सदुपयोग करने की सलाह दी। साथ ही अभिभावकों को भी बच्चों की उपलब्धियों पर बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय प्रशासन के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक किया गया। प्रधानाचार्य ब्रदर जयसीलन, उप-प्रधानाचार्य ब्रदर फिलिक्स कुमार, सुपीरियर ब्रदर ब्रिटो, सीनियर कोऑर्डिनेटर मार्क गोंजालविस तथा कल्चरल कोऑर्डिनेटर दीपाली बल्लभ और भवनेश नेगी के निर्देशन में कार्यक्रम का समापन हुआ।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।