govt-ads

हिंदी दिवस पर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, निबंध और सुलेख प्रतियोगिता में गूंजी हिंदी की महत्ता

Blog
 Image


मसूरी। लायंस क्लब मसूरी हिल्स की ओर से हिंदी दिवस समारोह उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। विद्यार्थियों में राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और मातृभाषा के महत्व को समझाने के उद्देश्य से छठी स्व. जीपी बहुगुणा स्मृति निबंध लेखन तथा पांचवीं स्व. बिंदु बहुगुणा स्मृति सुलेख प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी लेखन प्रतिभा के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भी समां बांधा। वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों के लिए श्भारतीय संस्कृति के अनुसरण से ही विश्व को शांति के पथ पर लाया जा सकता हैश् विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जबकि कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों ने सुलेख प्रतियोगिता में भाग लिया। निबंध प्रतियोगिता में महात्मा योगेश्वर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज और सुलेख में आरएन भार्गव इंटर कॉलेज ने विद्यालय स्तर पर बाजी मारी। निबंध प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर की आंचल ने प्रथम, रोहन सिंह ने द्वितीय, सनातन धर्म इंटर कॉलेज की मानसी ने तृतीय और इलमा ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। सुलेख प्रतियोगिता में आरएन भार्गव इंटर कॉलेज के अनिल प्रथम, विवेश द्वितीय, विवेक पंवार तृतीय, जबकि युवराज और निर्मला इंटर कॉलेज के नवीन रावत ने संयुक्त रूप से चतुर्थ स्थान हासिल किया। समारोह के दौरान राखी बनाओ प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज में सौम्या प्रथम, सानिया द्वितीय और आरुषि तृतीय, सनातन धर्म इंटर कॉलेज में मानसी प्रथम, रितिका द्वितीय और इलमा तृतीय रहीं। सरस्वती विद्या मंदिर में सोनाक्षी प्रथम, आरुषि द्वितीय तथा अनामिका और नैना तृतीय रहीं। बचपन प्ले स्कूल में निर्वान प्रथम, सिद्धि द्वितीय और आरना तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेताओं को स्मृति चिह्न, प्रमाणपत्र और हिंदी साहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया। लायंस क्लब की ओर से विभिन्न विद्यालयों के हिंदी शिक्षकों को भी हिंदी साहित्य भेंट किया गया। शिक्षकों को प्रेमचंद, शरतचंद्र, रवींद्रनाथ टैगोर, जयशंकर प्रसाद और बंकिम चंद्र चटर्जी जैसे प्रसिद्ध साहित्यकारों की रचनाएं प्रदान की गईं। आयोजकों ने कहा कि साहित्य से विद्यार्थियों को जोड़ना हिंदी के प्रति रुचि विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। मुख्य अतिथि समाजसेविका, उद्यमी एवं अभिनेत्री इंद्राणी पांधी ने कहा कि हिंदी केवल भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और भावनाओं से जुड़ी पहचान है। सभी को अपनी मातृभाषा पर गर्व करते हुए इसके प्रचार-प्रसार के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए विजेताओं को शुभकामनाएं दीं। क्लब की ओर से इंद्राणी पांधी को शॉल, स्मृति चिह्न और हिंदी साहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया। माउंट आबू से पहुंचे डा. नरेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को नशे की प्रवृत्ति से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने सभी को नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हिंदी दिवस पर कविताओं और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा दिखाई।कार्यक्रम में लायंस क्लब अध्यक्ष अनुज तायल, सचिव राजीव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष एमएम शर्मा, अंजलि बहुगुणा, रविंद्र गोयल, जीके गुप्ता, शिव अरोड़ा, निधि बहुगुणा, विवेक बहुगुणा, सद्भावना अध्यक्ष सुरेश गोयल, नगर पालिका परिषद मसूरी के नामित सभासद अनिल गोयल, पूर्व सभासद अरविंद सोनकर, विद्यालय प्रधानाचार्य वीपी भट्ट सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।