बारिश भी नहीं डिगा सकी सेवा का जज्बा, 400 स्वयंसेवकों ने मसूरी को दिया स्वच्छता और हरियाली का संदेश

Blog
 Image


मसूरी। विश्व पर्यावरण दिवस पर शुक्रवार को पर्यटन नगरी मसूरी में सेवा, समर्पण और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला। लगातार हो रही बारिश के बावजूद संत निरंकारी चौरिटेबल फाउंडेशन के लगभग 400 स्वयंसेवकों ने सड़कों पर उतरकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का ऐसा संदेश दिया, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। लाइब्रेरी चौक से पिक्चर पैलेस तक चले विशाल सफाई अभियान में स्वयंसेवकों ने न केवल शहर को स्वच्छ बनाने का कार्य किया, बल्कि नागरिकों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास भी कराया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, संत निरंकारी मिशन मसूरी जोन के जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह, क्षेत्रीय संचालक दिलबर सिंह पवार तथा सेवादल के सदस्यों द्वारा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक प्रतिज्ञा के साथ किया गया। इसके बाद स्वयंसेवकों ने पूरे मार्ग पर सफाई अभियान चलाकर स्वच्छ शहर और स्वस्थ समाज का संदेश दिया। सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश अभियान में शामिल लोगों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। हाथों में सफाई उपकरण लिए स्वयंसेवक पूरे जोश के साथ सड़क किनारे फैले कूड़े को एकत्र करते रहे। अभियान के दौरान लगभग दो कुंतल कूड़ा एकत्र किया गया, जिसे नगर पालिका परिषद के सहयोग से निर्धारित स्थान पर निस्तारित किया गया। स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने भी स्वयंसेवकों की इस निस्वार्थ सेवा की सराहना की। कई लोगों ने अभियान में शामिल होकर स्वच्छता के प्रति अपनी भागीदारी भी दर्ज कराई। स्वच्छता अभियान के बाद अंबेडकर चौक से झूला घर शहीद स्थल तक एक भव्य जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शामिल बच्चों, महिलाओं और स्वयंसेवकों ने “ग्रीन मसूरी, क्लीन मसूरी” तथा “प्रदूषण अंदर हो या बाहर, दोनों हानिकारक हैं” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। रैली के दौरान नागरिकों से अपील की गई कि वे प्लास्टिक कचरे का उपयोग कम करें, वृक्षारोपण को बढ़ावा दें और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें। कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत स्वच्छता जागरूकता पर आधारित नुक्कड़ नाटक रहा। मुस्कान और उनकी टीम ने अपने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। नाटक ने दर्शकों को न केवल मनोरंजन प्रदान किया बल्कि उन्हें सोचने पर भी मजबूर किया कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में हर व्यक्ति की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है। नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि इतनी प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों में भी सेवा कार्य के प्रति उनका समर्पण वास्तव में प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करते हैं। इस अवसर पर जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह ने नगर पालिका अध्यक्ष का पौधा भेंट कर स्वागत किया और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में संत निरंकारी मिशन द्वारा शाम पांच बजे से ‘सूफी नाइट एवं वननेस टॉक’ कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मानव एकता, पर्यावरण संरक्षण, आध्यात्मिक जागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर विचार साझा किए जाएंगे।कार्यक्रम में क्षेत्रीय संचालक दिलबर सिंह पवार, मसूरी संचालक सुमित कंसल, शिक्षक हरपाल खत्री, बहन श्रुति, हेमराज शर्मा, कुणाल सक्सैना सहित बड़ी संख्या में संत निरंकारी मिशन के सेवादार और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।