खबर का असर, मसूरी में ध्वनि प्रदूषण पर पहली बड़ी कार्रवाई, रोमियो लेन होटल पर ₹10 हजार का जुर्माना

Blog
 Image


पर्यटन नगरी मसूरी के पिक्चर पैलेस क्षेत्र स्थित रोमियो लेन होटल में देर रात तक तेज आवाज में संगीत बजाने और ध्वनि प्रदूषण के मामले में आखिरकार नगर पालिका परिषद ने कार्रवाई कर दी है। पिछले कई महीनों से स्थानीय लोगों द्वारा लगातार की जा रही शिकायतों और मीडिया में मामला प्रमुखता से उठने के बाद नगर पालिका ने होटल प्रबंधन पर ₹10,000 का जुर्माना लगाया है। इस कार्रवाई को स्थानीय लोग खबर का असर मान रहे हैं। नगर पालिका परिषद मसूरी के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की जांच रिपोर्ट के आधार पर ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम, 2001 के तहत प्रथम उल्लंघन के लिए होटल प्रबंधन पर ₹10,000 का आर्थिक दंड लगाया गया है। इस संबंध में होटल प्रबंधन को विधिवत नोटिस भी जारी कर दिया गया है। गौरतलब है कि पिक्चर पैलेस क्षेत्र के स्थानीय निवासी पिछले करीब छह महीने से देर रात तेज आवाज में संगीत बजाने, खुले में कार्यक्रम आयोजित करने और ध्वनि प्रदूषण को लेकर पुलिस, एसडीएम, नगर पालिका तथा सीएम हेल्पलाइन तक लगातार शिकायतें दर्ज करा रहे थे। जांच के दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने भी नियमों के उल्लंघन की पुष्टि करते हुए कार्रवाई की संस्तुति की थी। इस बीच कुछ दिन पहले शिकायतकर्ता और होटल प्रबंधन के बीच कोतवाली में वार्ता भी हुई थी, जहां होटल प्रबंधक ने देर रात तेज संगीत बजने की बात स्वीकार करते हुए भविष्य में नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद स्थानीय लोग लगातार यह सवाल उठा रहे थे कि शिकायतों के बावजूद कार्रवाई में इतनी देरी क्यों हुई। नगर पालिका की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि अब मसूरी में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले अन्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी समान रूप से कार्रवाई होगी। उनका कहना है कि पर्यटन नगरी में कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और रात 10 बजे के बाद ध्वनि प्रदूषण के नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाना चाहिए। अब लोगों की निगाह इस बात पर है कि होटल प्रबंधन भविष्य में नियमों का पालन करता है या नहीं और यदि दोबारा उल्लंघन होता है तो संबंधित विभाग और अधिक कठोर कार्रवाई करते हैं या नहीं।