मूसलाधार बारिश से मसूरी में बड़ा हादसा टला, मकान पर गिरे दो पेड़ और पुश्ता; घर में घुसा मलबा

Blog
 Image


पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही बारिश का कहर मंगलवार सुबह एक बार फिर देखने को मिला। स्प्रिंग रोड स्थित भंडारी निवास के निकट भारी बारिश के चलते एक मकान पर दो विशाल पेड़ और पुश्ता भरभराकर गिर गया। हादसे में मकान की छत क्षतिग्रस्त हो गई और मलबा घर के अंदर तक घुस गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घर में मौजूद लोग समय रहते सुरक्षित रहे और कोई जनहानि नहीं हुई। घटना सुबह करीब आठ बजे की है। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। फायर कर्मियों ने वुड कटर की सहायता से मकान की छत पर गिरे दोनों पेड़ों को काटकर हटाया, जिससे आगे किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई। इसके बाद मलबा हटाने का कार्य भी शुरू कराया गया। अग्निशमन अधिकारी धीरज सिंह तड़ियाल ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का आकलन कर तत्काल कार्रवाई की गई। अभियान में फायर कर्मी राकेश कुमार, नितिन सिंह चौहान, अभिषेक कुकरेजी और देवेंद्र मलिक ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कुछ देर बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई और क्षतिग्रस्त क्षेत्र का निरीक्षण किया। बताया गया कि सुनीता सेमवाल के मकान की छत पर पुश्ता और दोनों पेड़ गिरने से घर के भीतर मलबा भर गया। इससे भवन को नुकसान पहुंचा, लेकिन परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में प्रशासन का सहयोग किया। घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीरा सकलानी और क्षेत्रीय सभासद पवन थलवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवार से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया और अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। पालिकाध्यक्ष के निर्देश पर पेड़ों को हटाने के बाद मलबा साफ कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। उधर, प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षति का आकलन किया। प्रभावित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई।