govt-ads

18 साल की उम्र पूरी होते ही मतदाता सूची में जुड़वाएं नाम, लोकतंत्र में भागीदारी का पहला कदम है मतदान

Blog
 Image


मसूरी। लोकतंत्र में अपनी पसंद की सरकार चुनने का अधिकार तभी सार्थक होता है, जब प्रत्येक पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराए और मतदान प्रक्रिया में भाग ले। इसी उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी के सेवा संकल्प अभियान के तहत मसूरी में मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें युवाओं और नए मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, पंजीकरण प्रक्रिया और मतदान के महत्व की जानकारी दी गई। कार्यशाला में मुख्य वक्ता मदन मोहन शर्मा ने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। मदन मोहन शर्मा ने कहा कि युवाओं की लोकतंत्र में भागीदारी मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र युवाओं को अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि नागरिक जिम्मेदारी भी है। युवाओं को अपने मताधिकार का महत्व समझना चाहिए और बिना किसी दबाव, प्रलोभन या भेदभाव के सोच-समझकर मतदान करना चाहिए। कार्यशाला में नए मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही मतदाता सूची में नाम, पते और अन्य विवरणों से संबंधित विसंगतियों को दूर करने तथा डिजिटल माध्यमों से पंजीकरण संबंधी सुविधाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले युवाओं और पहली बार मतदान के पात्र बने नागरिकों को विशेष रूप से जागरूक करने पर जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं को भी बताया गया कि पात्र नागरिकों तक पहुंचकर उन्हें पंजीकरण प्रक्रिया समझाएं, ताकि जानकारी के अभाव में कोई भी पात्र युवा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। कार्यशाला का उद्देश्य केवल मतदाता पंजीकरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, नैतिक मतदान और नागरिक सहभागिता के प्रति जागरूक करना भी रहा। अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों और शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा जरूरत के अनुसार पंजीकरण में सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। नुक्कड़ नाटकों और अन्य जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से भी लोगों तक मतदान का संदेश पहुंचाने की योजना रखी गई। कार्यशाला में बूथ लेवल अधिकारी अरविंद रावत, छात्र संघ अध्यक्ष वेदांत थपलियाल, महामंत्री आशु, कार्यक्रम सह-संयोजक प्रमोद ठाकुर, आर्यन देव उनियाल, सभासद अमित भट्ट, युवा मोर्चा अध्यक्ष सचिन पंवार, रितिक बिजल्वाण, शालीन, सोनू कुमार, शिव कैलाश अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में नए मतदाता मौजूद रहे।