मसराना-मोटीधार मोटर मार्ग को वन विभाग से मिली मंजूरी, क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर

Blog
 Image


मसूरी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के लगातार प्रयासों के बाद मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत मोटीधार के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित मसराना-मोटीधार लिंक मोटर मार्ग निर्माण को आखिरकार वन विभाग से सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई है। केंद्र सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा वन (संरक्षण एवं संवर्धन) अधिनियम 1980 के तहत 2.6971 हेक्टेयर आरक्षित वन भूमि के डायवर्सन को मंजूरी दिए जाने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इस स्वीकृति के साथ ही वर्षों पुरानी सड़क निर्माण की मांग अब धरातल पर उतरती नजर आ रही है। जानकारी के अनुसार मसराना के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-707ए के किलोमीटर 179 से मोटीधार तक करीब पांच किलोमीटर लंबी लिंक रोड का निर्माण किया जाएगा। इस सड़क के निर्माण से मोटीधार सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की लगभग 300 की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और कृषि उत्पादों के परिवहन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। ग्राम प्रधान प्रेम कोली ने इसे क्षेत्रीय विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि ग्रामीण कई वर्षों से इस सड़क की मांग कर रहे थे। अब वन विभाग से अनुमति मिलने के बाद सड़क निर्माण का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। वहीं पूर्व प्रधान अमरदेव भट्ट ने कहा कि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के लगातार प्रयासों के कारण ही इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी मिल पाई है। जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान ने बताया कि कैबिनेट मंत्री के निर्देशों के बाद लोक निर्माण विभाग लगातार इस सड़क निर्माण को लेकर प्रयासरत था। वन भूमि की स्वीकृति सबसे बड़ी बाधा थी, जो अब दूर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण शुरू होने के बाद क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि ग्राम पंचायत मोटीधार और आसपास के क्षेत्रवासियों के लिए यह अत्यंत सुखद खबर है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। मंत्री जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अंतिम छोर तक सड़क, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण को लेकर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सड़क बनने के बाद गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से बेहतर होगा और क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।