govt-ads

मसूरी में वीकेंड पर पर्यटकों से गुलजार हुई मसूरी, पानी वाले बैंड पर जाम ने छुड़ाए पसीने

Blog
 Image


मसूरी। वीकेंड पर पहाड़ों की रानी मसूरी में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल उठे, लेकिन मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानी वाले बैंड के पास क्षतिग्रस्त सड़क पर्यटकों के लिए मुसीबत बन गई। सड़क संकरी होने के कारण वाहनों की रफ्तार थम गई और दोनों ओर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम में फंसे पर्यटकों को मसूरी पहुंचने में घंटों लग गए।
रविवार को दिल्ली, पंजाब समेत विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक मसूरी पहुंचे। मालरोड और बाजारों में भी पर्यटकों की अच्छी भीड़ दिखाई दी। इससे होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी और अन्य पर्यटन कारोबार से जुड़े व्यापारियों में उत्साह नजर आया। हालांकि, देहरादून से मसूरी आने वाले पर्यटकों को पानी वाले बैंड के पास सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।
दिल्ली से मसूरी पहुंचे पर्यटक शुभांशु चौधरी ने बताया कि वह परिवार के साथ मसूरी घूमने आए थे, लेकिन देहरादून से मसूरी तक पहुंचने में करीब तीन घंटे लग गए। पानी वाले बैंड के पास जाम में काफी देर तक फंसे रहे। उन्होंने कहा कि पहाड़ों में सड़क की ऐसी स्थिति देखकर डर भी लगता है। सरकार को प्राथमिकता के आधार पर सड़क को जल्द दुरुस्त कराना चाहिए, ताकि पर्यटकों को परेशानी न हो। पंजाब से आए पर्यटक जसबीर सिंह ने कहा कि पहले मसूरी की सड़कें बेहतर नजर आती थीं, लेकिन इन दिनों जगह-जगह सड़क की स्थिति चिंता बढ़ाने वाली है। उन्होंने कहा कि देहरादून से मसूरी के बीच जाम में फंसने से यात्रा का काफी समय खराब हो रहा है। इसका सीधा असर पर्यटकों के अनुभव के साथ ही पर्यटन कारोबार पर भी पड़ सकता है।
व्यापारियों का कहना है कि वीकेंड पर पर्यटकों की आमद मसूरी के लिए अच्छी खबर है। भीड़ बढ़ने से होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी, पर्यटन गतिविधियों और छोटे दुकानदारों को कारोबार मिलता है। लेकिन यदि पर्यटक देहरादून-मसूरी मार्ग पर घंटों जाम में फंसेंगे तो इसका नकारात्मक असर पर्यटन की छवि पर पड़ सकता है। स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने पानी वाले बैंड के पास क्षतिग्रस्त सड़क को जल्द ठीक करने की मांग की है। उनका कहना है कि वीकेंड और पर्यटन सीजन में वाहनों का दबाव बढ़ जाता है, ऐसे में सड़क को जल्द दुरुस्त करने के साथ यातायात व्यवस्था को भी प्रभावी बनाया जाना जरूरी है।