पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी बोलीं “ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं”
मसूरी में शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कुलड़ी स्थित षिरडी साई बाबा मंदिर मसूरी के 31वें प्राण प्रतिष्ठा एवं स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और पूरा शहर “साईं राम” के जयकारों तथा भजन-कीर्तन से भक्तिमय हो उठा। दो दिवसीय स्थापना दिवस समारोह के प्रथम दिन शोभायात्रा का शुभारंभ सनातन धर्म मंदिर से हुआ। बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों के साथ निकली यात्रा लंढौर बाजार, घंटाघर से माल रोड और शहीद स्थल होते हुए पुनः सांई मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए चल रहे थे और जगह-जगह प्रसाद वितरण किया गया।
शोभायात्रा में साईं बाबा की भव्य पालकी और रंग-बिरंगी झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बाबा के जीवन प्रसंगों को दर्शाती झांकियों के साथ भगवान शिव-पार्वती की मनमोहक प्रस्तुति भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। बड़ी संख्या में महिलाएं पालकी के साथ भजन गाते हुए चल रही थीं। मंदिर के पुजारी सुनील नौटियाल पालकी के साथ श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करते नजर आए। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने भी साईं बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि साईं बाबा का संदेश मानवता, सेवा और सद्भावना का संदेश है। उन्होंने कहा कि मसूरी जैसे पर्यटन नगर में इस प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक मूल्यों से परिचित कराते हैं। उन्होंने कहा कि साईं बाबा ने हमेशा प्रेम, सेवा और समानता का संदेश दिया। ऐसे आयोजनों से लोगों में आपसी भाईचारा बढ़ता है और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने मंदिर समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह के दूसरे दिन विशेष पूजा-अर्चना, भजन संध्या और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में मंदिर समिति के सचिव सुरेन्द्र कुमार सिंघल, ओम प्रकाष सिंघ, आर एस मूर्ति भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, मोहन पेटवाल जगजीत कुकरेजा, अनिता धनाई, निमाकांत, अनिता सक्सेना, विजय विंदवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

