समाज सेवा के लिए मसूरी के डॉ. शुभ बिश्नोई सम्मानित, ‘अनसुंग हीरोज अवार्ड’ से नवाजा

Blog
 Image


मसूरी के युवा समाजसेवी एवं रोबस्ट वर्ल्ड के संस्थापक निदेशक डॉ. शुभ बिश्नोई को समाज सेवा और जनहित के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर की संस्था द आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें “अनसुंग हीरोज अवार्ड” से नवाजा गया।यह सम्मान समारोह सामाजिक और मानवीय कार्यों में सक्रिय रूप से योगदान देने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद सविता कपूर ने डॉ. शुभ बिश्नोई को सम्मानित किया और उनके कार्यों की सराहना की। डॉ. शुभ बिश्नोई को यह सम्मान समाज सेवा, युवा जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, मानव सेवा और जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यों में निरंतर योगदान के लिए प्रदान किया गया। पिछले कई वर्षों से उनकी संस्था रोबुस्ट वर्ल्ड मसूरी सहित उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों को सक्रिय रूप से चला रही है। संस्था द्वारा समय-समय पर स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, महिला जागरूकता कार्यक्रम, शिक्षा अभियान, पशु सेवा और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। खासतौर पर युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने और सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करने में संस्था महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर ने कहा कि आज के समय में युवाओं का समाजहित में आगे आना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि रोबुस्ट वर्ल्ड जैसी संस्थाएं समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रही हैं और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन रही हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. शुभ बिश्नोई और उनकी टीम लगातार जनहित के मुद्दों पर कार्य कर रही है, जो समाज के लिए सराहनीय है। उन्होंने अन्य युवाओं से भी सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. शुभ बिश्नोई ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं बल्कि उनकी पूरी टीम, स्वयंसेवकों और समाज सेवा के लिए समर्पित युवाओं का सम्मान है। उन्होंने कहा कि संस्था आगे भी जनहित और समाज सेवा के कार्यों को और व्यापक स्तर पर जारी रखेगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट समाज सेवा करने वाले कई अन्य लोगों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान समाज सेवा और मानवता के लिए कार्य कर रहे युवाओं को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया गया। मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ वर्षों में युवाओं के बीच समाज सेवा के प्रति रुचि तेजी से बढ़ी है। पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जनजागरूकता जैसे विषयों पर कार्य कर रही संस्थाएं लगातार लोगों को जागरूक करने का प्रयास कर रही हैं। ऐसे में डॉ. शुभ बिश्नोई को मिला यह सम्मान क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी माना जा रहा है।