बारिश ने चामासारी का तोड़ा संपर्क, भूस्खलन से गांव का इकलौता मार्ग बंद, स्कूल नहीं पहुंच पा रहे बच्चे

Blog
 Image



पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का कहर अब ग्रामीण क्षेत्रों पर भी भारी पड़ने लगा है। मसूरी विधानसभा के अंतर्गत ग्राम पंचायत चामासारी का संपर्क मुख्यालय से पूरी तरह कट गया है। कंपनी बाग के आगे पहाड़ी से हुए भारी भूस्खलन के कारण बार्लाेगंज-चामासारी मोटर मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। इससे हजारों ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हो गई है, जबकि स्कूली बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है। ग्राम प्रधान विक्रम सिंह रावत ने बताया कि कंपनी बाग के आगे सड़क का बड़ा हिस्सा धंसने और पहाड़ी खिसकने से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। यही सड़क चामासारी के ग्रामीणों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है। सड़क बंद होने से ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के साथ-साथ चिकित्सा और आपातकालीन सेवाओं तक पहुंचने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि बार्लाेगंज-झड़ीपानी से सिमियाना तक लगभग चार किलोमीटर सड़क पूरी तरह बंद है। इतना ही नहीं, सिमियाना से चामासारी तक का पैदल मार्ग भी भूस्खलन की चपेट में आने से बंद हो गया है। वहीं राजपुर-तालियानीगाड़ मार्ग और सिमियाना कंपनी बाग से तालियानीगाड़ तक की सड़क भी क्षतिग्रस्त होकर यातायात के लिए अनुपयोगी हो गई है। पहले से बंद खेतवाला मार्ग के कारण अब पूरा क्षेत्र लगभग चारों ओर से कट चुका है। ग्राम प्रधान ने कहा कि सड़क बंद होने का सबसे अधिक असर बच्चों की शिक्षा पर पड़ा है। स्कूल जाने वाले छात्र घरों में ही रहने को मजबूर हैं, जबकि किसान अपनी उपज बाजार तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं। बीमार और बुजुर्गों के लिए भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। यदि जल्द मार्ग नहीं खुला तो ग्रामीणों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो सकता है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग और प्रशासन से तत्काल जेसीबी मशीनें भेजकर मलबा हटाने तथा मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर खोलने की मांग की है। उनका कहना है कि हर वर्ष बरसात में यही हालात बनते हैं, लेकिन संवेदनशील क्षेत्रों में स्थायी सुरक्षा उपाय नहीं किए जाते। लोगों ने भूस्खलन प्रभावित इलाकों का वैज्ञानिक सर्वे कर स्थायी समाधान की भी मांग उठाई है।