लण्ढौर स्थित श्री सनातन धर्म संस्कृत उत्तर मध्यमा विद्यालय में हुआ भव्य सम्पूर्ति समारोह, अतिथियों ने छात्रों का बढ़ाया उत्साह
मसूरी। लण्ढौर स्थित श्री सनातन धर्म संस्कृत उत्तर मध्यमा विद्यालय में संस्कृत सप्ताह का सम्पूर्ति (समापन) कार्यक्रम उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने मंगलमय स्वस्ति मंत्रों के बीच दीप प्रज्वलित कर की। पूरे कार्यक्रम में संस्कृत भाषा, संस्कृति और भारतीय परंपराओं की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से रोटरी क्लब मसूरी के अध्यक्ष श्री अश्विनी मित्तल, भूतपूर्व अध्यक्ष श्री संजय जैन तथा आगामी सत्र की अध्यक्ष श्रीमती योगिता गोयल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय के छात्रों ने संस्कृतमय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अतिथियों और उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
अध्यक्षीय संबोधन में रोटरी क्लब मसूरी के अध्यक्ष अश्विनी मित्तल ने कहा कि संस्कृत का अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों में विशिष्ट बौद्धिक क्षमता विकसित होती है। संस्कृत केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान, संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा के अध्ययन के लिए प्रेरित किया।
रोटरी क्लब के भूतपूर्व अध्यक्ष संजय जैन ने विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत किए गए संस्कृतमय कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जिस तरह विद्यार्थियों ने संस्कृत भाषा के प्रति अपनी रुचि और प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, वह सराहनीय है।
वहीं आगामी सत्र की अध्यक्ष योगिता गोयल ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मंगलमय शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और संस्कृत भाषा से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्य श्रीमती मीनाक्षी चौहान ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने संस्कृत सप्ताह के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले अध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का भी धन्यवाद किया।
समापन समारोह में विद्यालय के समस्त अध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। संस्कृत सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों के समापन के साथ विद्यालय परिसर संस्कृत भाषा और भारतीय संस्कृति के जयघोष से गूंज उठा।

