मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में रेहड़ी-पटरी कारोबारियों और नगर पालिका के बीच टकराव अब खुलकर सामने आ गया है। रेहड़ी पटरी कमजोर वर्ग कल्याण समिति की ओर से कांग्रेस भवन के सभागार में आयोजित विशेष बैठक में बड़ा निर्णय लेते हुए कहा गया कि जल्द ही सभी रेहड़ी-पटरी व्यवसायी पूर्व की भांति माल रोड पर ही अपना कारोबार शुरू करेंगे। समिति ने इसे अपनी रोजी-रोटी की लड़ाई बताते हुए नगर पालिका के खिलाफ आर-पार के संघर्ष का ऐलान किया है।
बैठक में समिति के महामंत्री संजय टम्टा और सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश राणा ने नगर पालिका के फैसले पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि बिना पर्याप्त योजना और वैकल्पिक व्यवस्था के रेहड़ी-पटरी वालों को माल रोड से हटाकर ऐसी जगह बैठा दिया गया है, जहां न तो पर्यटकों की आवाजाही है और न ही व्यवसाय चल पा रहा है। इससे सैकड़ों परिवारों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है।
“रोजी-रोटी पर सीधा प्रहार”
समिति के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका प्रषासन द्वारा लिया गया यह निर्णय कमजोर वर्ग के लोगों की आजीविका पर सीधा प्रहार है। उनका कहना है कि जिन स्थानों पर उन्हें स्थानांतरित किया गया है, वहां ग्राहक नहीं पहुंचते, जिससे रोज की कमाई लगभग खत्म हो गई है। और एसी मार्ग पर वाहनों का दबाव बहुत जयादा है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। समिति का कहना है कि व्यवस्थित तरीके से रेहड़ी-पटरी लगने से न केवल रोजगार चलता है।
हाईकोर्ट की शरण में पहुंचे कारोबारी
नगर पालिका के फैसले के खिलाफ समिति ने उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। समिति के अनुसार न्यायालय ने मामले को संज्ञान में लेते हुए नगर पालिका को चार सप्ताह के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है। इससे रेहड़ी-पटरी कारोबारियों को उम्मीद की किरण नजर आ रही है।
“वेंडर जोन बने बिना हटाना नियमों के खिलाफ”
समिति ने स्पष्ट किया कि नियमों के अनुसार जब तक वैकल्पिक वेंडर जोन विकसित नहीं किया जाता, तब तक रेहड़ी-पटरी वालों को हटाया नहीं जा सकता। उनका आरोप है कि नगर पालिका ने इस प्रक्रिया का पालन नहीं किया और अचानक कार्रवाई कर दी।
संघर्ष जारी रखने का संकल्प
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि न्यायालय का अंतिम फैसला आने तक सभी रेहड़ी-पटरी वाले माल रोड पर पहले की तरह अपना व्यवसाय करेंगे। साथ ही यह भी कहा गया कि वे किसी भी दबाव में नहीं आएंगे और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। इस मौके पर गोविंद नौटियाल, रामकिशन राही, जितेंद्र गुसाई, कमल कुमार, मोहम्मद साजिद समेत कई लोग मौजूद रहे।

