मसूरी। रंगों से सजी रंगोली में कहीं स्वच्छ भारत का संदेश नजर आया तो कहीं जल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और विकसित भारत की तस्वीर दिखाई दी। छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से सरकारी योजनाओं, राष्ट्र प्रेम और वीर सैनिकों के शौर्य को रंगोली में उकेरकर सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। भारतीय जनता पार्टी मसूरी मंडल की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत तीन विद्यालयों में आयोजित ‘रंगोली राष्ट्र’ कार्यक्रम में 150 से अधिक छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का विषय ‘सेवा के रंगदृराष्ट्र के संग’ रखा गया। इसके माध्यम से छात्राओं को कला के जरिए सेवा भावना, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक सहभागिता से जोड़ने का प्रयास किया गया। छात्राओं ने रंगों और प्राकृतिक फूलों की मदद से आकर्षक रंगोलियां बनाईं। इन कलाकृतियों के जरिए प्रधानमंत्री जन-धन योजना, स्वच्छ भारत अभियान, जल जीवन मिशन, डिजिटल इंडिया और महिला सशक्तीकरण जैसे विषयों को दर्शाया गया। वहीं, विकसित भारत 2047 के संकल्प और देश की रक्षा में जुटे वीर सैनिकों के शौर्य को भी रंगोली के माध्यम से सम्मान दिया गया। मसूरी के सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज, मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज और महात्मा योगेश्वर विद्या मंदिर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। तीनों विद्यालयों की छात्राओं ने अपनी कल्पनाशीलता और कला कौशल का प्रदर्शन किया। रंगोलियों के माध्यम से उन्होंने यह दिखाने का प्रयास किया कि सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को रचनात्मक तरीके से भी लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक विद्यालय में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। भाजपा मंडल के सदस्यों ने प्रतिभागियों की कलाकृतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के साथ उनमें सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। रंगोली के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रस्तुत करने से छात्राओं को उनके महत्व को समझने और आम लोगों तक उनका संदेश पहुंचाने का अवसर मिला।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित में योगदान देने और सेवा भावना को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।इस अवसर पर भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, नरेंद्र मैलवान, मोर्चा अध्यक्ष जगजीत कुकरेजा, मनोज अग्रवाल, मोर्चा अध्यक्ष सचिन पंवार, सभासद विजय बिंदवाल, सभासद अनिल गोयल, पूर्व मंडल अध्यक्ष मदनमोहन शर्मा और संयोजक मनमोहन करनवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

