पर्यटन नगरी मसूरी में मगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। संपत्ति देखने के लिए मकान की छत पर गया एक युवक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मसूरी पुलिस के अनुसार खनेहरी निवासी मनोज दास अपने दोस्त मुकेश के साथ बटाघाट क्षेत्र में रुका हुआ था। इसी दौरान दोनों एक मकान की छत पर संपत्ति देखने के लिए गए। बताया जा रहा है कि मकान की छत के ऊपर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही थी, जिसकी चपेट में आते ही मनोज दास गंभीर रूप से झुलस गया और बेहोश होकर छत पर गिर पड़ा। घटना के बाद मुकेश ने घायल मनोज को तुरंत अपने निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर आवासीय क्षेत्रों में हाईटेंशन लाइनों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई जगहों पर बिजली लाइनें घरों के बेहद करीब से गुजर रही हैं, जो कभी भी जानलेवा साबित हो सकती हैं।
