मसूरी। आजादी के जश्न से पहले मसूरी में उन वीरों की कहानियां गूंजीं, जिनके साहस और सेवा ने देश की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाई। रोटरी क्लब मसूरी की ओर से 13 अगस्त को आयोजित ‘देश के रक्षकों को सम्मान’ कार्यक्रम में मसूरी में जन्मे, पले-बढ़े और शिक्षा प्राप्त करने वाले छह वीर पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में आईजी मनोरंजन त्रिपाठी, डीआईजी एसपी चमोली, ब्रिगेडियर रवि डिमरी, कर्नल सुनील कुमार, कैप्टन विवेक बहुगुणा और कैप्टन कमलजीत सिंह शामिल रहे। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों ने सेना और अर्धसैनिक बलों में अपनी सेवा के दौरान के अनुभव साझा किए। सीमा सुरक्षा से लेकर देश के विभिन्न हिस्सों में निभाई गई जिम्मेदारियों और कठिन परिस्थितियों की उनकी बातें सुनकर मौजूद लोग भावुक भी हुए और प्रेरित भी।
रोटरी क्लब मसूरी के अध्यक्ष अश्विनी मित्तल ने कहा कि आज हम जिस आजादी का उत्सव मनाते हैं, उसके पीछे देश के रक्षकों का निरंतर त्याग और बलिदान है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों की जीवन यात्रा युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और समाज को उनके योगदान को हमेशा याद रखना चाहिए।
कार्यक्रम में क्लब के वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य भी मौजूद रहे। इनमें पीडीजी रणबीर सिंह, सचिव नुपुर करनवाल कायंटुरा, पीपी प्रमोद साहनी, पीपी शैलेंद्र करनवाल, पीपी सुरेश अग्रवाल, आईपीपी दीपक जी. अग्रवाल, पीपी सुविग्या सभरवाल, पीपी फिरोज अली, रोटेरियन रजत अग्रवाल, रोटेरियन शिवम अग्रवाल, रोटेरियन टीएस मनचंदा और पीपी संजय अग्रवाल शामिल रहे।

