मसूरी इंडेन गैस एजेंसी पर लगे आरोप बेबुनियाद, तकनीकी दिक्कतों से प्रभावित हुई आपूर्तिः- प्रदीप सती

Blog
 Image



इंडेन गैस एजेंसी के प्रबंधक प्रदीप सती ने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि एजेंसी सरकार द्वारा जारी सभी नियमों और दिशानिर्देशों का पालन करते हुए ही उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध करा रही है।
प्रदीप सती ने स्पष्ट किया कि हाल के दिनों में सर्वर से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के कारण गैस वितरण प्रक्रिया प्रभावित हुई, जिससे उपभोक्ताओं को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि “तकनीकी दिक्कतें अस्थायी हैं, हमारी टीम लगातार काम कर रही है ताकि हर उपभोक्ता को समय पर गैस मिल सके।” उन्होंने अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का जिक्र करते हुए बताया कि खाड़ी देशों में हुए युद्ध के कारण पिछले दिनों गैस की आपूर्ति पर असर पड़ा था, जिससे कमी की स्थिति बनी। हालांकि अब हालात तेजी से सामान्य हो रहे हैं और आपूर्ति में सुधार देखा जा रहा है।
सती ने यह भी जानकारी दी कि सरकार के निर्देशानुसार जल्द ही 5 किलो के छोटे गैस सिलेंडर का वितरण भी शुरू किया जाएगा, जिससे विशेषकर गरीब और जरूरतमंद उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक कारणों से एजेंसी की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। “हमारे पास गैस वितरण से जुड़ा पूरा डाटा मौजूद है और जरूरत पड़ने पर हम इसे सार्वजनिक भी करेंगे। प्रबंधक ने यह भी दोहराया कि वे किसी भी प्रकार की जांच के लिए पूरी तरह तैयार हैं और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।