सेवा ही हमारी पहचान, के संकल्प के साथ अश्विनी मित्तल ने संभाली रोटरी क्लब मसूरी की कमान

Blog
 Image

 


मसूरी। रोटरी क्लब ऑफ मसूरी ने नए रोटरी वर्ष 2026-27 की शुरुआत सेवा और सम्मान के संदेश के साथ की। क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन अश्विनी मित्तल ने पदभार ग्रहण करते ही स्वास्थ्य, शिक्षा और समाज सेवा को अपने कार्यकाल की प्राथमिकता बताते हुए जनहित में नई योजनाओं पर काम करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के उपलक्ष्य में शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों को सम्मानित कर उनके योगदान को नमन किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालते हुए अश्विनी मित्तल ने कहा कि रोटरी केवल एक संस्था नहीं, बल्कि सेवा और मानवता का एक ऐसा आंदोलन है, जिसका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि क्लब का पूरा प्रयास रहेगा कि आगामी वर्ष में स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, युवा सशक्तीकरण और सामुदायिक विकास से जुड़ी परियोजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि क्लब के सदस्यों ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने निवर्तमान अध्यक्ष दीपक अग्रवाल और उनकी टीम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पिछले वर्ष क्लब ने जिला स्तर पर 19 पुरस्कार हासिल कर मसूरी का नाम रोशन किया। यह उपलब्धि सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयास और सेवा भावना का परिणाम है। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर आयोजित डॉक्टर्स फेलिसिटेशन सेरेमनी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। अश्विनी मित्तल ने कहा कि डॉक्टर हर परिस्थिति में लोगों के जीवन की रक्षा के लिए समर्पित रहते हैं। उनका सेवा भाव रोटरी की मूल भावना से मेल खाता है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों का सम्मान करना समाज के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवा को सम्मान देना है। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष एवं वोकेशनल अवॉर्ड्स चेयरमैन संजय अग्रवाल ने शहर के विभिन्न चिकित्सकों को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में डॉ. जॉर्ज, डॉ. आलम, डॉ. स्नेहा पंवार, डॉ. सुशील सैनी, डॉ. प्रेशिका रावत, डॉ. राहुल उनियाल, डॉ. सृष्टि करणवाल, डॉ. उज्ज्वल मल्होत्रा, डॉ. नंदिनी सभरवाल और डॉ. प्राची जैन शामिल रहे। अश्विनी मित्तल ने कहा कि आने वाले वर्ष में क्लब स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान, शिक्षा सहायता, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंद परिवारों के लिए सेवा कार्यों को और अधिक व्यापक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक और स्थायी बदलाव लाना है।समारोह में पूर्व जिला राज्यपाल रणबीर सिंह, पूर्व अध्यक्ष प्रमोद साहनी, सुरेश सी. अग्रवाल, मनमोहन करणवाल, आलोक मेहरोत्रा, नरेंद्र के. साहनी, मोहम्मद सलीम, सी.आर. आर्य, विनीश संघल, शैलेन्द्र करणवाल, दीपक गुप्ता, रजत अग्रवाल, नुपुर करणवाल, संजय जैन सहित बड़ी संख्या में रोटेरियन और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।