मसूरी। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर गोल्डन लायनेस क्लब मसूरी हिल्स की ओर से झूलाघर स्थित एक होटल के सभागार में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप जिला चिकित्सालय (सिविल अस्पताल) मसूरी की महिला चिकित्सकों को समाज और स्वास्थ्य सेवाओं में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत क्लब की अध्यक्ष अम्बुज अग्रवाल ने चिकित्सकों का तिलक लगाकर स्वागत करने और दीप प्रज्वलित कर की। उन्होंने कहा कि डॉक्टर केवल मरीजों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि समाज को स्वस्थ और सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चिकित्सकों की निस्वार्थ सेवा के प्रति सम्मान व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। समारोह में डॉ. बीना सिंह (महिला रोग विशेषज्ञ एवं वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी) और डॉ. हिमानी पायल (मेडिकल ऑफिसर) को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दोनों चिकित्सकों ने महिलाओं को स्त्री रोग, नियमित स्वास्थ्य जांच, पोषण, मातृ स्वास्थ्य और समय पर उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से किसी भी स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज न करने और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की। अध्यक्ष अम्बुज अग्रवाल ने कहा कि गोल्डन लायनेस क्लब समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करता है। भविष्य में भी महिलाओं और जरूरतमंद लोगों के हित में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में क्लब की सचिव निशु गुप्ता, वंदना विरमानी, जोन चेयरपर्सन अनुपम हांडा, डॉ. बीना सिंह, डॉ. हिमानी पायल सहित क्लब की सदस्य रुबी, शशि, रजनी, माधुरी, पूनम, लता, सीमा और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
एमयूएस 109 ( राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस)

