मसूरी। ताइक्वांडो उत्तराखंड, जो ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया से संबद्ध है, के तत्वावधान में आयोजित 16वीं उत्तराखंड स्टेट ताइक्वांडो प्रतियोगिता में प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का दम दिखाया। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से करीब 250 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर पदकों के लिए जोरदार मुकाबले किए। प्रतियोगिता का उद्घाटन ताइक्वांडो उत्तराखंड के सचिव संदीप सैनी ने किया। वहीं निर्णायक मंडल में एनआईएस कोच रविन्द्र परमार ने मुख्य जज की भूमिका निभाई। उनके साथ माहिर मल्होत्रा, रिंकू सिंह, लैविश, सलोनी, मोहम्मद आरिज और अंकुश सहित अन्य निर्णायक भी मौजूद रहे। प्रतियोगिता में सब जूनियर, कैडेट, जूनियर और सीनियर वर्ग के मुकाबले आयोजित किए गए। सब जूनियर बालक वर्ग में 18 किलो से कम भार वर्ग में त्रियक्ष सैनी (देहरादून), 21 किलो वर्ग में अथर्व कुलश्रेष्ठ (हरिद्वार), 23 किलो वर्ग में आरांश टेलर (हरिद्वार) और 29 किलो वर्ग में विवान थपलियाल (देहरादून) ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं 32 किलो वर्ग में वंश (ऊधमसिंह नगर) ने स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। बालिका वर्ग में नाविका तिवारी और हंसिका द्विवेदी ने स्वर्ण पदक हासिल किए, जबकि आराध्य तिवारी, प्रियांशी बंसल, ऋषिका जैन, वंशिका सुब्बा, तृषा गुप्ता और ओविया प्रश्र ने विभिन्न वर्गों में रजत और कांस्य पदक जीतकर अपने जिले का नाम रोशन किया। कैडेट और जूनियर वर्ग में भी खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। आयुष पालीवाल, जयेश रावत, मयंक, उज्ज्वल रौठान, राघव राजपूत और यशवर्धन बिष्ट ने विभिन्न भार वर्गों में पदक हासिल किए। वहीं सीनियर वर्ग में नमन सैनी ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपनी श्रेष्ठता साबित की। ताइक्वांडो उत्तराखंड के अध्यक्ष अमित मल्होत्रा ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।सचिव संदीप सैनी ने कहा कि खिलाड़ियों ने लंबे समय से कठिन मेहनत की, जिसका परिणाम प्रतियोगिता में देखने को मिला। उन्होंने बताया कि चयनित खिलाड़ी जल्द ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

