ओक ग्रोव स्कूल में सजा ज्ञान का संसार, पुस्तक मेले में उमड़ा विद्यार्थियों का उत्साह

Blog
 Image



मसूरी। झड़ीपानी स्थित प्रतिष्ठित ओक ग्रोव स्कूल में गुरुवार को पुस्तक प्रेम, रचनात्मकता और ज्ञानवर्धन का अनूठा संगम देखने को मिला, जब विद्यालय में भव्य “पुस्तक मेले” का आयोजन किया गया। नेशनल बुक ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित इस मेले में विद्यालय के तीनों विंगों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश कुमार ने किया। पुस्तक मेले में बाल साहित्य, क्लासिक्स, कथा एवं गैर-कथा साहित्य, इतिहास, धर्म, संगीत, व्यंजन, फैंटेसी, एडवेंचर, थ्रिलर और ग्राफिक नॉवेल सहित विभिन्न विषयों की पुस्तकों का आकर्षक संग्रह विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहा। बच्चों ने अपनी रुचि की पुस्तकों को बड़े उत्साह से देखा और खरीदा। विद्यालय परिसर दिनभर साहित्यिक माहौल से गुलजार रहा। मेले के दौरान आयोजित स्टोरी टेलिंग कार्यशाला ने विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति क्षमता को नया आयाम दिया। कार्यशाला में बच्चों को कहानी कहने की कला, स्वर संचालन और प्रभावशाली प्रस्तुति के गुर सिखाए गए। वहीं थिएटर आर्ट कार्यशाला में अभिनय, मंच संचालन, संवाद अदायगी और टीमवर्क की बारीकियों से विद्यार्थियों को परिचित कराया गया। बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर विद्यालय में आयोजित फिटनेस टेस्ट के विजेता विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य नरेश कुमार ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक स्वास्थ्य भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है। प्रधानाचार्य नरेश कुमार ने कहा कि पुस्तक मेले का उद्देश्य विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत को बढ़ावा देना और उन्हें पुस्तकों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में तकनीक का प्रभाव बढ़ा है, लेकिन पुस्तकों का महत्व आज भी कम नहीं हुआ है। अच्छी पुस्तकें बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और ज्ञानवृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।कार्यक्रम में कुसुम कंबोज, विपुल रावत, धैर्य नागपाल, अनुपम सिंह, अतुल कुमार सक्सेना, एस.के. रज़ा, मनीषा शर्मा, सुरभि शर्मा, आर.एन. यादव, संतोष कुमार, आशुतोष कुमार, प्रणिल नंदेश्वर, अनिल सेंगर, अलका वर्मा, प्रीति लकड़ा, जी.डी. रतूड़ी, योगेश नौटियाल, दीप्ति बुटोला, रश्मि शर्मा और शादाब आलम सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।