मसूरी। पर्यटन सीजन शुरू होते ही मसूरी में बढ़ते ट्रैफिक जाम और घंटों लग रही वाहनों की कतारों से परेशान पर्यटकों और स्थानीय लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। प्रशासन ने शहर में यातायात दबाव कम करने के लिए किंक्रेग से शटल सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है, जिसका संचालन शुक्रवार से शुरू कर दिया जाएगा। इसको लेकर एसडीएम राहुल आनंद, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन और कोतवाल देवेंद्र सिंह चौहान ने किंक्रेग पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पार्किंग संचालकों व टैक्सी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर शटल सेवा की रूपरेखा तय की। एसडीएम राहुल आंनद ने बताया कि प्रशासन की योजना के तहत बड़े पर्यटक वाहनों और टेंपो ट्रैवलर्स को किंक्रेग पार्किंग में ही रोका जाएगा। वहां से पर्यटकों को लाइब्रेरी चौक, कुलड़ी और अन्य प्रमुख स्थानों तक शटल सेवा के माध्यम से पहुंचाया जाएगा। किंक्रेग से लाइब्रेरी तक शटल सेवा का संचालन किंक्रेग टैक्सी एसोसिएशन करेगी, जबकि बड़े मोड़ से पिक्चर पैलेस तक मसूरी टैक्सी यूनियन के वाहन पर्यटकों को पहुंचाएंगे। एसडीएम राहुल आनंद ने बताया कि पर्यटन सीजन में बड़े वाहनों के कारण शहर में लगातार जाम की स्थिति बन रही थी। इसे देखते हुए पूर्व में हुई बैठक में शटल सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया था, जिसे अब धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि टैक्सी चालकों को निर्देश दिए गए हैं कि पर्यटकों को गंतव्य तक छोड़ने के बाद वाहन तुरंत वापस लौटेंगे, ताकि यातायात सुचारु बना रहे।प्रशासन की ओर से लाइब्रेरी और मैसोनिक लॉज क्षेत्र में विशेष ड्रॉपिंग प्वाइंट भी बनाए जाएंगे। साथ ही व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए वालंटियर भी तैनात किए जाएंगे। किंक्रेग क्षेत्र में अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे ट्रैफिक बाधित न हो। गौरतलब है कि जिलाधिकारी सविन बंसल के प्रयासों से पूर्व में भी मसूरी में शटल सेवा का प्रयोग किया गया था, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था को काफी हद तक नियंत्रित करने में सफलता मिली थी। प्रशासन को उम्मीद है कि इस बार भी यह व्यवस्था पर्यटन सीजन में बड़ी राहत साबित होगी।

