कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गोल्फ कार्ट से पहुंचकर किया मसूरी पब्लिक स्कूल मेले का उद्घाटन

Blog
 Image


मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में आयोजित मसूरी पब्लिक स्कूल के वार्षिक मेले का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया। इस दौरान मंत्री गणेश जोशी ने माल रोड से स्कूल तक गोल्फ कार्ट के माध्यम से पहुंचकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण और इंधन बचत का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि वर्तमान समय में देश कई वैश्विक चुनौतियों और आर्थिक परिस्थितियों से जूझ रहा है। ऐसे समय में सभी नागरिकों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को गंभीरता से लेते हुए पेट्रोल और डीजल की बचत के लिए प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को जहां तक संभव हो निजी वाहनों का कम उपयोग करना चाहिए और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देना चाहिए। इससे न केवल इंधन की बचत होगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने में भी मदद मिलेगी। मेले के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और वहां लगाए गए व्यंजनों का स्वाद भी लिया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन से आग्रह किया कि भविष्य में आयोजित होने वाले ऐसे मेलों में स्थानीय और पारंपरिक उत्पादों से बने व्यंजनों को भी प्रमुखता दी जाए, ताकि स्थानीय उत्पादों को बाजार मिल सके और क्षेत्रीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त हों।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्कूल प्रबंधन की मांग पर मुसूरी पब्लिक स्कूल को दो स्मार्ट बोर्ड देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा के इस दौर में डिजिटल तकनीक बेहद आवश्यक हो चुकी है और बच्चों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना समय की जरूरत है। इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य विशाल सिंह ने कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंत्री गणेश जोशी हमेशा शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक प्रयास करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि दो स्मार्ट बोर्ड मिलने से स्कूल के छात्र-छात्राओं को आधुनिक डिजिटल शिक्षा का लाभ मिलेगा और उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार आएगा। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने भी लोगों से इंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूक होने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से बड़े बदलाव संभव हैं और मसूरी जैसे पर्यटन शहर में पर्यावरण संरक्षण सभी की जिम्मेदारी है।