मसूरी अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, स्वास्थ्य सुविधाओं पर जताई सख्ती

Blog
 Image


मसूरी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को मसूरी स्थित उप जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी मरीज को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और अस्पताल में उपलब्ध दवाओं के रहते मरीजों को बाहर की दवाइयां न लिखी जाएं। उन्होंने कहा कि यदि अस्पताल में संसाधनों की कोई कमी है तो उसकी जानकारी सीधे शासन स्तर तक पहुंचाई जाए ताकि समय पर समाधान किया जा सके। मंत्री के निरीक्षण के दौरान अस्पताल की स्टाफ नर्सों और कर्मचारियों ने फोर्थ क्लास कर्मचारियों की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में सफाई व्यवस्था और अन्य आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिससे कर्मचारियों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ रहा है। इस पर गणेश जोशी ने अधिकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वह जल्द स्वास्थ्य सचिव से वार्ता कर इस दिशा में आवश्यक कदम उठाएंगे, ताकि अस्पताल में पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध कराया जा सके और मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में बने पांच बेड के आईसीयू को लेकर भी चर्चा हुई। अस्पताल प्रबंधन ने मंत्री को बताया कि विशेषज्ञ डॉक्टरों और प्रशिक्षित स्टाफ की कमी के कारण आईसीयू का संचालन शुरू नहीं हो पा रहा है। इस पर मंत्री ने कहा कि आईसीयू को जल्द संचालित कराने के लिए आवश्यक स्टाफ और विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति को लेकर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों की सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री ने यह भी बताया कि मसूरी में लंबे समय से लंबित पोस्टमार्टम हाउस निर्माण की दिशा में भी कार्रवाई चल रही है और संबंधित विभागों से लगातार समन्वय किया जा रहा है।
मोतीलाल नेहरू मार्ग की बदहाल स्थिति पर जताई नाराजगी
अस्पताल निरीक्षण के बाद कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी माल रोड और मोतीलाल नेहरू मार्ग का भी निरीक्षण किया। सड़क की खराब स्थिति और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की कमी देखकर मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि लापरवाह अधिकारियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
मंत्री ने कहा कि लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से मोतीलाल नेहरू मार्ग का निर्माण कराया गया था, लेकिन सड़क की हालत देखकर साफ प्रतीत हो रहा है कि कार्य की गुणवत्ता में गंभीर कमी रही है। उन्होंने तत्काल सड़क की मरम्मत और सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सड़क किनारे रेलिंग लगाने, ब्लॉक नालियों की मरम्मत और कल्वर्ट निर्माण कार्यों को भी बरसात से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए।
गणेश जोशी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि बरसात शुरू होने से पहले सभी जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंत्री के निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने भी सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उनके सामने रखीं, जिस पर उन्होंने जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, कुषाल राणा, सभासद विषाल खरोला, पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, विजय रमोला, सतीश ढौंडियाल, अतुल अग्रवाल, रणवीर कंडारी, उज्जवल नेगी सहित कई लोग मौजूद थे।