मसूरी झड़ीपानी-बालोगंज क्षेत्र में रोडवेज बस सेवा दोबारा शुरू कराने की उठी मांग

Blog
 Image


मसूरी। मसूरी के झड़ीपानी-बालोगंज क्षेत्र में लंबे समय से बंद पड़ी रोडवेज बस सेवा को दोबारा शुरू कराने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। क्षेत्रवासियों को आवागमन में हो रही परेशानियों को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को पुनः पत्र सौंपकर बस संचालन जल्द बहाल करने की मांग की गई है। क्षत्रिय सभासद षिवानी भारती ने बताया कि झड़ीपानी और बालोगंज क्षेत्र के लोगों को सार्वजनिक परिवहन सुविधा नहीं मिलने के कारण रोजमर्रा के कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को निजी वाहनों और महंगे यातायात साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। उन्होने कहा कि रोडवेज बस सेवा पहले स्थानीय जनता के लिए बेहद उपयोगी साबित होती थी, लेकिन सेवा बंद होने के बाद समस्याएं लगातार बढ़ती गई हैं। ऐसे में बस सेवा दोबारा शुरू होना क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। उन्होने कहा कि उनका निरंतर प्रयास है कि क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाओं का पूरा लाभ मिल सके और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान हो। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द बस सेवा बहाल करने की दिशा में कार्रवाई करेगा।षिवानी भारती ने कहा कि पर्यटन नगरी मसूरी में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और निजी वाहनों की संख्या को देखते हुए सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करना समय की जरूरत है। यदि रोडवेज बस सेवा नियमित रूप से संचालित होती है तो इससे न केवल स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी बल्कि ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने में भी मदद मिलेगी। उन्होने प्रशासन और परिवहन विभाग से मांग की है कि जनहित को देखते हुए झड़ीपानी-बालोगंज मार्ग पर जल्द रोडवेज बस सेवा पुनः शुरू की जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित, सुलभ और किफायती यातायात सुविधा मिल सके।