मसूरी लंढौर बाजार भू-धंसाव क्षेत्र पहुंचे कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, जल्द ट्रीटमेंट कार्य शुरू करने के निर्देश

Blog
 Image


मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी के लंढौर बाजार में लगातार बढ़ रहे भू-धंसाव को लेकर शनिवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर पहुंचकर भू-धंसाव से प्रभावित क्षेत्र की स्थिति का जायजा लिया और नगर पालिका परिषद मसूरी को जल्द से जल्द मार्ग के ट्रीटमेंट कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने भू-धंसाव से प्रभावित विधवा महिला और संबंधित भू-स्वामी से मुलाकात कर दोनों पक्षों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवार की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है और आवश्यकता पड़ने पर उनका उचित विस्थापन सुनिश्चित किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने भी पीड़ित महिला का पक्ष रखते हुए कहा कि केवल एक महिला को नोटिस देना उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित महिला का सम्मानजनक विस्थापन किया जाए और उसे उचित सहायता उपलब्ध कराई जाए। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि लंढौर बाजार के भू-धंसाव क्षेत्र के उपचार और सड़क मरम्मत के लिए लगभग 26 लाख रुपये की लागत से कार्य कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बरसात से पहले सभी जरूरी सुरक्षा और मरम्मत कार्य पूरे करने का प्रयास किया जाएगा ताकि क्षेत्र में किसी बड़ी दुर्घटना की संभावना न रहे। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने बताया कि लंढौर बाजार भू-धंसाव क्षेत्र के उपचार कार्य के लिए नगर पालिका की ओर से लोक निर्माण विभाग को 26 लाख रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है और जल्द कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका लगातार लंढौर बाजार को विकसित करने और पर्यटन से जोड़ने के लिए कार्य कर रही है, लेकिन वर्तमान में प्राथमिकता सड़क और भू-धंसाव क्षेत्र को सुरक्षित करना है ताकि लोगों की आवाजाही सुरक्षित बनी रहे। इस दौरान ईओ गौरव भसीन, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, अनीता सक्सेना, विजय रमोला सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।