प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा, आधारभूत ढांचे, उत्तराखंड के विकास और सीमांत क्षेत्रों में हुए बदलाव को मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धियां बताया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है और देश ने हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि आज का नया भारत आतंकवाद का जवाब उसी की भाषा में और उसके घर में घुसकर देना जानता है। मुख्यमंत्री ने हाल ही में हुए ष्ऑपरेशन सिंदूरष् का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की सुरक्षा नीति अब पहले से अधिक मजबूत और निर्णायक हुई है।
सड़क, सुरक्षा और विकास में आया बड़ा बदलाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय देश में प्रतिदिन औसतन 11 किलोमीटर सड़क निर्माण होता था, जबकि आज यह आंकड़ा बढ़कर 34 किलोमीटर प्रतिदिन तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में हुए कार्यों ने देश के विकास को नई गति दी है। उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का जिक्र करते हुए कहा कि बस्तर जैसे क्षेत्रों में नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है और विकास की नई धारा पहुंची है।
उत्तराखंड से प्रधानमंत्री का विशेष लगाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष भावनात्मक जुड़ाव रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री अब तक 28 बार उत्तराखंड का दौरा कर चुके हैं। उनके नेतृत्व में केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण हुआ और आज केदारनाथ तथा बदरीनाथ धाम दिव्य और भव्य स्वरूप में देश-दुनिया के सामने खड़े हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने माणा गांव को देश का ष्अंतिम गांवष् नहीं बल्कि ष्पहला गांवष् बताया था। आज उसी सोच का परिणाम है कि सीमांत क्षेत्र तेजी से विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि माणा गांव की महिलाओं ने स्वरोजगार और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त होकर ष्लखपति दीदीष् बनने का लक्ष्य हासिल किया है।
राहुल गांधी पर साधा निशाना
प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि मौसम साफ था तो राहुल गांधी अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड क्यों नहीं पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा विकास और जनविश्वास की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस केवल आरोप लगाने का काम कर रही है।
भाजपा के पास जनता का विश्वास
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास विरासत की राजनीति थी, जबकि भाजपा के पास जनता का विश्वास है। उन्होंने दावा किया कि जो कार्य दशकों तक अधूरे रहे, उन्हें प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में पूरा किया गया है। चाहे चारधाम परियोजना हो, सीमांत क्षेत्रों का विकास, डिजिटल इंडिया, गरीब कल्याण योजनाएं या आधारभूत संरचना का विस्तार, हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
2027 की राजनीति से भी जोड़कर देखी जा रही प्रेस वार्ता
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित यह प्रेस वार्ता केवल उपलब्धियों का ब्योरा भर नहीं थी, बल्कि आगामी चुनावों से पहले भाजपा की राजनीतिक रणनीति का भी हिस्सा है। भाजपा एक बार फिर विकास, राष्ट्रवाद और जनकल्याण के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाने की तैयारी में दिखाई दे रही है।

